भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

क्या Kamalnath की जगह कोई और बनेगा प्रदेश अध्यक्ष!

  • अगले महीने से शुरू होगी कांग्रेस संगठन चुनाव की प्रक्रिया

भोपाल। प्रदेश में अगले महीने से कांग्रेस संगठन चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी। इस संदर्भ में 24 मार्च को पीसीसी में बैठक आयोजित की गई है। बैठक में संगठन चुनाव के पीआरओ रामचंद्र खूटिया पार्टी पदाधिकारियों से संगठन चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा करेंगे। इस बीच यह सवाल भी उठने लगे हैं कि क्या कमलनाथ की जगह कोई और प्रदेश अध्यक्ष बनेगा। यह सवाल इसलिए उठ रहे हैं कि प्रदेश कांग्रेस में कई नेता अध्यक्ष की मंशा पाले हुए हैं। गौरतलब है कि प्रदेश कांग्रेस का सदस्यता अभियान 31 मार्च तक चलेगा। उसके बाद 1 अप्रैल से 15 अप्रैल के बीच चुनाव में हिस्सा लेने वाले प्रतियोगियों की सूची में प्रकाशित की जाएगी। 16 अप्रैल से 31 मई के बीच अध्यक्ष और प्राथमिक समितियों की कार्यकारिणी और ब्लॉक कमेटियों का चुनाव होगा। 1 जून से 20 जुलाई के बीच जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष चनाव होगा। इसको लेकर 24 मार्च को होने वाले बैठक में चर्चा की जाएगी।


अध्यक्ष के लिए कई दावेदार
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के लिए कई नेता दावेदार हैं। हालांकि कोई भी खुलकर सामने नहीं आ रहा है। लेकिन दावेदार अंदर ही अंदर जमावट कर रहे हैं। पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, बाला बच्चन, ओमकार सिंह मरकाम, जीतू पटवारी, राम निवास रावत आदि प्रदेश अध्यक्ष पद के दावेदार हो सकते हैं। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि प्रदेश कांग्रेस के संगठन चुनाव में कमलनाथ निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष चुने जाएंगे या फिर उन्हें चुनाव में पार्टी के किसी नेता से चुनौती मिलेगी। कांग्रेस के सूत्रों का कहना है कि कुछ समय से कांग्रेस में अंतर्कलह और गुटबाजी बढ़ती जा रही है। इसकी बानगी विधानसभा सत्र के दौरान देखने को मिली। पूरा विपक्ष बिखरा नजर आया। आने वाले दिनों में यदि पार्टी हाईकमान ने डैमेज कंटोल नहीं किया तो पार्टी में और बिखराव आने के आसार हैं। ऐसे हालात में यदि पीसीसी चीफ के चनाव में कमलनाथ को किसी नेता से चुनौती मिल जाए, तो बहुत आश्वर्य की बात नहीं है।

70 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य
उधर, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर मप्र कांग्रेस की ओर से चलाए जा रहे सदस्यता अभियान की उलटी गिनती शुरू हो गई है। अभियान का समापन 31 मार्च को हो जाएगा। मप्र कांग्रेस ने अभियान के तहत 70 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। यह लक्ष्य पूरा हो पाएगा या नहीं यह आने वाला वक्त बताएगा। इस बीच मप्र कांग्रेस संगठन चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं अप्रैल से संगठन चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संगठन चुनाव अप्रैल से शुरू होकर अगस्त तक चलेंगे। 20 अगस्त तक प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव करा लिया जाएगा। वहीं मप्र कांग्रेस ने एक बार फिर घर चलो, घर-घर चलो अभियान के समापन की अंतिम तारीख बढ़ा दी है। यह अभियान 15 अप्रैल तक चलेगा। पहले अभियान का समापन 28 फरवरी को होना प्रस्तावित था, जिसे बढ़ाकर 15 मार्च कर दिया गया था। अब इसे बढ़ाकर 15 अप्रैल कर दिया गया है। सदस्यता अभियान अंतिम चरण में है। आज की तारीख में कम से कम 60 लाख सदस्य बनाए जा रहे हैं। इसके बाद संगठन चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इस सिलसिले में 24 मार्च को पीसीसी में बैठक आयोजित की जाएगी। कांग्रेस में संगठन चुनाव पूरी पारदर्शिता के साथ कराए जाने की परंपरा रही है।

Share:

Next Post

कैमरे को देखते ही गंदे इशारे करने लगीं दीपिका, हाथ में सिगरेट लिए नजर आए शाहरुख खान

Mon Mar 21 , 2022
नई दिल्ली: शाहरुख खान (Shahrukh Khan) और दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone) जल्द ही एक फिल्म में नजर आने वाले हैं. इस फिल्म का नाम है ‘पठान’. शाहरुख और दीपिका स्टारर फिल्म ‘पठान’ की कई फोटोज वायरल हुईं. इस बीच एक ऐसी फोटो भी सामने आईं जिसमें दीपिका ऐसे इशारे करते हुए नजर आ रही हैं […]