उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News)

आज सूरज नहीं डूबेगा उज्जैन में..शाम ढलते ही 21 लाख दीपक जगमगाएँगे

उज्जैन। आज शाम शहर के आसमान पर जैसे ही सूरज ढलेगा वैसे ही एक सायरन की आवाज के साथ लाखों दीपक पूरी उज्जैन नगरी में जगमगा उठेंगे। इस अद्भुत आयोजन पर नजर रखने के लिए 3 दिन पहले ही गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रेकार्ड की टीम शहर में डेरा डाले हुए है। शाम को जब लाखों दीपों से महाकाल की नगरी जगमगाएगी तो एक दीपों की रोशनी का नया विश्व कीर्तिमान स्थापित होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। नगर में पिछले दो हफ्ते से आज महा शिवरात्रि के अवसर पर आयोजित होने जा रही शिव दीवाली की तैयारी की जा रही थी। हालांकि कल सुबह तक ही सारी तैयारियाँ पूरी कर ली गई थी। आज के दीपोत्सव कार्यक्रम में महाकाल की नगरी को 21 लाख दीपकों से रोशन करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें महाकाल मंदिर प्रांगण से लेकर शिप्रा के सभी घाट, गोपाल मंदिर, टॉवर चौक के अलावा नगर के सभी घर और संस्थान इसमें सहभागिता करने के लिए तैयार हैं। देवालयों में भी आज शिवरात्रि के दिन महादेव पूजन के साथ-साथ शाम को आयोजित होने वाले दीपोत्सव की तैयारी चल रही है। सभी मंदिरों में हजारों दीपक लगाए जाएँगे।


महाकाल मंदिर समिति भी मंदिर प्रांगण में 51 हजार दीये शाम को रोशन करेगी। उल्लेखनीय है कि इस आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने शिप्रा के घाटों पर 5 हजार 777 ब्लॉक दो दिन पहले तैयार कर लिए थे। प्रत्येक ब्लॉक में 225 दीपकों को भी जमा दिया गया था। घाटों पर 14 लाख दीपक मिलाकर पूरे नगर में आज कुल 21 लाख दीपक शाम को रोशन किए जाएँगे। इसके लिए जिला प्रशासन ने 25 हजार लीटर सोयाबीन तेल की व्यवस्था भी की है। 13 हजार 500 कार्यकर्ताओं को दीपक प्रज्जवलित करने के लिए लगाया गया है। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों से लेकर स्वयंसेवी संस्थाओं से जुड़े लोग और स्कूल कॉलेज से जुड़े विद्यार्थी भी सहयोग के लिए तैयार हैं। घाटों पर जैसे ही एक साथ दीप रोशन होंगे तो ड्रोन कैमरों की मदद से इसकी वीडियो ग्राफी की जाएगी और विश्व रेकार्ड के मापदंडों के अनुरूप रोशन किए गए दीपों की गणना कर रेकार्ड का प्रमाण पत्र भी जारी किया जाएगा।

नीलगंगा घाट भी रोशन होगा
आज शाम दीपोत्सव के कार्यक्रम में नीलगंगा घाट पर जूना अखाड़ा द्वारा दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। वहीं शिवलिंग आकार के अखाड़े के भवन को भी दीपकों से रोशन किया जाएगा। एक दिन पहले जूना अखाड़ा नीलगंगा के थानापति मानदेव गिरी महाराज व व्यवस्थापक गोविंद सोलंकी की मौजूदगी में यहाँ रिहर्सल की गई। आज महाशिवरात्रि पर यहाँ पंचामृत अभिषेक दोपहर 3 बजे से होगा, वहीं दीपोत्सव शाम को मनाया जाएगा। अखाड़ा परिसर स्थित भगवान भोलेनाथ के मंदिर में शाम को महाआरती होगी और खिचड़ी वितरण किया जाएगा।

महाकाल मंदिर प्रांगण भी दमकेगा
आज शाम महाशिवरात्रि पर जहाँ एक ओर उज्जैन शहर 21 लाख दीपक से जगमगाएगा, वहीं महाकालेश्वर मंदिर में भी समिति द्वारा कोटितीर्थ कुंड को विशेष रूप से सजाया गया है। पूरे मंदिर परिसर में अलग- अलग जगह 51 हजार दीपक लगाने की तैयारी पूरी हो चुकी है। मंदिर परिसर के विभिन्न मंदिरों में भी पुजारी, पुरोहित दीपक लगाएंगे।

मंशापूर्ण हनुमान मंदिर में मनेगी शिव दीवाली
अलखधाम नगर स्थित मंशापूर्ण हनुमान मंदिर को शिवरात्रि के अवसर पर विशेष रूप से सजाया गया है। यहाँ आज शाम संपूर्ण मंदिर परिसर में दीप प्रज्जवलित किये जाएँगे। मंदिर परिसर में सुंदरकांड का पाठ किया जा रहा है वहीं आज शाम को महाशिवरात्रि पर महाआरती भी की जाएगी।

गोपाल मंदिर पर लगाएँगे 11 हजार दीपक
महाशिवरात्रि तथा दीप महोत्सव के अवसर पर अखिल भारतीय किरार धाकड़ महासभा द्वारा आज शाम गोपाल मंदिर पर 11 हजार दीपक प्रज्जवलित किए जाएँगे। यह जानकारी कार्यकारिणी सदस्य लोकेन्द्र मेहता ने दी। इसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल होंगे।

महामृत्युंजय महाकाल मंदिर में भी आयोजन
इंदौररोड फोरलेन स्थित महामृत्युंजय महाकाल मंदिर पर महाशिवरात्रि का आयोजन किया जा रहा है। यहाँ शाम को 11 हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। पुजारी संदीप गुरु ने बताया कि आज सुबह से ही मंदिर में वैदिक मंत्रों से 11 ब्राह्मणों द्वारा महाकाल का महारुद्राभिषेक किया जा रहा है। मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को दिनभर 51 किलो फलाहारी खिचड़ी एवं साबूदाने की खीर का वितरण किया जाएगा।

Share:

Next Post

आगे का पता नहीं..लेकिन अभी तो महाकाल मंदिर आगे और पीछे खुदा ही खुदा पड़ा है

Tue Mar 1 , 2022
दोनों तरफ धूल के गुबार और मलबे का ढेर दिखाई दे रहा है-रास्ता बंद होने से मंदिर के सामने की दुकानें सूनी उज्जैन। महाकाल मंदिर में आज महाशिवरात्रि मनाई जा रही है लेकिन इस बार नजारा बदला हुआ है। आगे क्या होगा यह तो नहीं पता लेकिन अभी मंदिर के चारों ओर धूल के गुबार […]