• img-fluid

    आज निर्जला हरतालिका व्रत कल श्री गणेश स्थापना

  • August 30, 2022

    • शुभ – सौम्य योग में महिलाएं कर रही शिव-पार्वती का पूजन
    • रवि – ब्रह्म और शुक्ल योग में विराजेंगे बप्पा …

    उज्जैन । आज अंखड सुहाग की कामना लिए महिलाएं 36 घंटे का निर्जला हरतालिका व्रत कर रही हैं। रात्रि 12 बजे से ही यह व्रत शुरू हो गया था। आज घर-घर रात्रि जागरण होगा। चारों प्रहर शिव-पार्वती का पूजन किया जाएगा, वहीं कल शुभ मुहूर्त में घर-घर श्री गणेश स्थापना होगी। कल से शहर में दस दिवसीय गणेशोत्सव प्रारंभ हो जाएगा। सौभाग्येश्वर मंदिर में रात से ही दर्शन के लिए महिलाओं की लंबी कतार लग रही है। पंचागों के अनुसार हरतालिका तीज व्रत आज दुर्लभ योग में मनाया जा रहा है। तीज व्रत में महिलाओं को शुभ और सौम्य योग की प्राप्ति होगी। हस्त एवं चित्रा नक्षत्र, कन्या राशि और शुभ योग एवं सौम्य योग में यह महाव्रत आज रखा जा रहा है। महिलाएं पति की लंबी आयु और सुख-समृद्धि के लिए ये व्रत करती हैं, वहीं कुंवारी कन्याएं मन चाहा वर पाने के लिए ये व्रत रखेंगी। आज दुर्लभ संयोग शुभ योग हस्त एवं चित्रा नक्षत्र के साथ ही सौम्य योग में शिव पार्वती का पूजन किया जाएगा, वहीं हरतालिका तीज पर पूजा के लिए सबसे शुभ समय शाम को 5 बजकर 20 मिनट से रात को 8 बजकर 59 मिनट तक है। जिस समय हरतालिका तीज की पूजा की जाएगी, उस समय शुभ योग लगा रहेगा, वहीं कोरोना संक्रमण के कारण दो वर्ष बाद गणेश चतुर्थी का उत्सव बड़े धूमधाम से मनाये जाने की तैयारियां शहर में हो रही हैं। बाजार में गणपति बप्पा की मूर्तियां बिक्री के लिए सज गई हैं। गणेशोत्सव भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से प्रारंभ होगा और 10 दिनों तक चलेगा


    गणेश चतुर्थी पर बन रहे हैं ये शुभ संयोग
    गणेश चतुर्थी तिथि रवि योग में शुरू होगी, वहीं इसी दिन दो शुभ योग ब्रह्म योग और शुक्ल योग भी बन रहे हैं। पंचांग के मुताबिक, 31 अगस्त को प्रात:काल 05.58 बजे से लेकर देर रात 12.12 बजे तक रवि योग है, जबकि सुबह से रात 10.48 बजे तक शुक्ल योग और शुक्ल योग के समाप्त होने के तुरंत बाद से ब्रह्म योग प्रारंभ हो जाएगा।

    सौभाग्येश्वर महादेव मंदिर में रात से लग रही लंबी कतारें
    पटनी बाजार स्थित सौभाग्येश्वर महादेव मंदिर में दर्शन और पूजन का महत्व है। बीती रात 12 बजे मंदिर के पट खुले और इसी के साथ दर्शनों का सिलसिला शुरू हो गया। आज रात 12 बजे तक 24 घंटे तक लगातार दर्शनों का सिलसिला चलता रहेगा। पट खुलते ही मध्यरात्रि में यहां महिला श्रद्धालुओं की कतार लगना शुरू हो गई थी। इसके लिए बेरिकेट्स लगाए गए हैं और मंदिर को सजाया गया है। घरों में भी हरतालिका तीज व्रत और पूजन के कार्यक्रम रखे गए हैं। कल रात 12 बजे से ही महिलाओं का व्रत शुरू हो गया था और कल सुबह 36 घंटे बाद ही यह पूर्ण होगा।

    आज महिला कर्मचारियों को मिलेगा अवकाश
    शासकीय और अर्धशासकीय कार्यालयों में कार्यरत सभी महिला कर्मचारियों को शासन के निर्देशानुसार विशेष अवकाश हरतालिका व्रत के लिए दिया जाएगा। एक आवेदन पर यह अवकाश स्वीकृत किया जाएगा, वहीं गोपाल मंदिर, छत्री चौक और फ्रीगंज में पूजन सामग्री खरीदारी के लिए भी कल से महिलाओं की भीड़ उमड़ रही थी।

    शरारती तत्वों पर नजर, सड़क पर होने वाला कार्यक्रम रद्द
    ठहाका सम्मेलन के आयोजकों द्वारा आज टावर चौक पर हरतालिका तीज के कार्यक्रम के नाम पर भजन-कीर्तन की बजाए नृत्य और डांडिये का आयोजन रखा जा रहा था। इसका कल बजरंग दल, विहिप और अन्य हिन्दूवादी संगठनों ने कड़ा विरोध जताया। जिसके बाद आयोजकों ने इस कार्यक्रम को रद्द कर दिया। इधर हरतालिका तीज पर्व को देखते हुए पुलिस आज दिनभर और रात में सक्रिय रहेगी तथा पूजन और रात्रि जागरण के दौरान महिलाओं की सुरक्षा के लिए शरारती तत्वों पर नजर रखेगी। इसके लिए बल लगाया गया है।

    Share:

    सावधान.. बगैर बीमा के ही दौड़ रही डायल 100

    Tue Aug 30 , 2022
    उज्जैन। शहर तथा प्रदेश में जनता को मौके पर तत्काल पुलिस सुरक्षा और सहायता मुहैया कराने की दृष्टि से शुरू की गई डायल 100 सेवा में लगे वाहन बिना बीमा के सड़क पर दौड़ रहे हैं। पुणे की प्राइवेट कंपनी भारत विकास ग्रुप द्वारा डायल 100 में लगे वाहनों को चलाया जा रहा है। ज्यादातर […]
    सम्बंधित ख़बरें
  • खरी-खरी
    रविवार का राशिफल
    मनोरंजन
    अभी-अभी
    Archives
  • ©2024 Agnibaan , All Rights Reserved