इंदौर न्यूज़ (Indore News)

थर्मामीटर खराब, न्यूनतम तापमान की गणना बंद

इंदौर, विकाससिंह राठौर। इंदौर एयरपोर्ट पर स्थित मौसम केंद्र भगवान भरोसे चल रहा है। कल से यहां पर न्यूनतम तापमान की गणना करने वाला थर्मामीटर खराब हो गया है। जिसके कारण यहां न्यूनतम तापमान रिकार्ड ही नहीं किया जा सका। इसके बाद इंदौर के अधिकारी फोन बंद किए बैठे हैं। विमानतल पर भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का मौसम केंद्र एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) टावर में स्थित है। यहां से हर समय विमान यातायात के लिए एटीसी को हवा की गति, दिशा, दबाव, तापमान, वर्षा और पूर्वानुमान की जानकारी दी जाती है, लेकिन कल से यहां न्यूनतम तापमान की गणना करने वाला थर्मामीटर खराब हो गया है।

इसके कारण कल रात यहां न्यूनतम तापमान की गणना ही नहीं हो पाई और इसके बिना ही मौसम विभाग ने अपना बुलेटिन भी जारी कर दिया। जानकारी मांगे जाने पर मौसम केंद्र के प्रभारी एसपी गुप्ता सहित अन्य अधिकारियों ने फोन बंद कर लिए। मौसम केंद्र से जानकारी दी गई की उपकरण खराब होने की सूचना भोपाल भेजी गई है। वहां से उपकरण आने में दो से तीन दिन का समय लगेगा। इस दौरान तापमान की गणना कैसे होगी, इसकी कोई जानकारी किसी के पास नहीं है।

पहले भी जारी की जा चुकी है गलत जानकारी
इससे पहले भी पिछले साल गर्मियों के दौरान 7 मई 2023 को मौसम केंद्र ने दिन के अधिकतम तापमान की गलत जानकारी जारी कर दी थी। मौसम केंद्र ने इंदौर का तापमान 41.9 डिग्री बता दिया था, जिसके आधार पर इंदौर को देश में सबसे गर्म घोषित कर दिया था। ‘अग्निबाण’ द्वारा गड़बड़ी का खुलासा किए जाने के बाद अधिकारियों ने गलती स्वीकारते हुए उपकरण में गड़बड़ी की बात कहते हुए अपना पल्ला झाड़ लिया था।

Share:

Next Post

बच्चों के इलाज के लिए 361 टीम 41 दिन तक घर-घर दस्तक देंगी

Thu Jun 27 , 2024
पल्स पोलियो के बाद अब दस्तक अभियान शुरू इंदौर। तीन दिन तक चले पल्स पोलियो अभियान (Pulse Polio Campaign) के निपटते ही स्वास्थ्य विभाग (health Department) ने कल से दस्तक (Knock) अभियान शुरू कर दिया है। इस अभियान के अंतर्गत जन्म से लेकर 5 साल तक के 3 लाख 28 हजार 104 बच्चों के घर […]