भोपाल। मध्य प्रदेश भाजपा (BJP) ने आलोट विधानसभा से पार्टी के विधायक चिंतामणि मालवीय को शो-कॉज नोटिस जारी किया है। यह नोटिस विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मालवीय द्वारा उज्जैन के सिंहस्थ क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण को लेकर सवाल उठाने के कारण जारी किया गया है।
भाजपा संगठन की तरफ से जारी नोटिस में कहा गया है कि मालवीय के बयानों और कृत्यों से पार्टी की प्रतिष्ठा प्रभावित हुई है। इस संबंध में विधायक से सात दिन में स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। बता दें, भाजपा संगठन विधायक मालवीय के अपनी ही सरकार को घेरने से नाराज है।
चिंतामणि मालवीय ने बजट सत्र के दौरान कहा था कि मुख्यमंत्री जी का मैं धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने उज्जैन सिंहस्थ के लिए 2 हजार करोड़ रुपए की राशि रखी है। उज्जैन को गर्व है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री उज्जैन से हैं, लेकिन आज उज्जैन का किसान बहुत डरा और परेशान है। सिंहस्थ के नाम पर पहले उसकी जमीन केवल 3 से 6 महीनों के लिए अधिग्रहित की जाती थी, लेकिन अब उन्हें स्थायी अधिग्रहण का नोटिस दिया गया है।
उन्होंने आगे कहा था कि पता नहीं किस अधिकारी ने यह विचार रखा है कि स्पिरिचुअल सिटी बनाएंगे। विधायक ने कहा कि मैं बताना चाहता हूं कि स्प्रिचुअलिटी किसी सिटी में नहीं रहती है। वह तो त्याग करने वाले लोगों से होती है। हम क्रांक्रीट के भवन बनाकर स्पिरिचुअल सिटी नहीं बना सकते। मालवीय ने उज्जैन सिंहस्थ क्षेत्र में स्थायी निर्माण, किसानों की भूमि के स्थायी अधिग्रहण और कॉलोनाइजरों व भूमाफियाओं की साजिश होने की आशंका बताई थी।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved