
- शिकारियों ने ट्रैप लगाकर फंसाया हुआ था, टीम ने बचाया
- मादा तेंदुए की उम्र लगभग 5 साल
इंदौर। वन विभाग (forest department) इंदौर (Indore) की टीम ने शहर से लगभग 100 किलोमीटर दूर जाकर रेस्क्यू ऑपरेशन (rescue operation) करते हुए शिकारियों से तेंदुए की जान बचा ली। तेंदुए को जब रेस्क्यू किया गया, तब उसके पंजों में शिकारी के फंदे कसे हुए थे।

रालामंडल अभयारण्य एसडीओ योहान कटारा ने बताया कि खरगोन डीएफओ ने कसरावद रेंज के जंगल में तेंदुए के रेस्क्यू ऑपरेशन की मदद मांगी। खबर मिलते ही टीम रात को ही रवाना होकर सुबह 5 बजे राजस्व ग्राम मथलाई पहुंच गई। मौके पर देखा कि शिकारियों द्वारा लगाए गए ट्रैप में एक तेंदुआ फंदे में फंसा हुआ था। टीम ने तत्काल उसके पैरों को ट्रैप से निकालकर रेस्क्यू किया। यदि वन विभाग को तेंदुए की खबर नहीं लगती तो फंदे में फंसा तेंदुआ शिकारियों के हाथ लग जाता। अधिकारियों ने बताया कि मादा तेंदुए की उम्र 5 साल से ज्यादा है। उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वह घायल नहीं है, इसलिए उसे इंदौर न लाकर पुनासा के जंगलों में छोड़ने की योजना है। इस साल में इंदौर वन विभाग की रेस्क्यू टीम 1 जनवरी से अभी तक सिर्फ तेंदुओं के ही लगभग 8 रेस्क्यू ऑपरेशन कर चुकी है।