• img-fluid

    पंचक्रोशी का समापन…

  • April 30, 2022

    • 50 हजार से अधिक लोगों ने दोपहर तक किया स्नान
    • 20 हजार पंचक्रोशी यात्री भी पहुँचे नहाने
    • त्रिवेणी संगम पर भारी भीड़
    • लोगों ने जूते चप्पल भी पनौती के रूप में छोड़े

    उज्जैन। आज तड़के सुबह से शनिचरी अमावस्या का स्नान त्रिवेणी पर हो रहा है और पंचक्रोशी यात्रा की समापन बेला पर घाट पर भारी भीड़ हो गई है। घाटों पर नहाने के लिए फव्वारे भी लगाए गए थे और लोगों ने कपड़े तथा चप्पल पनौती के रूप में छोड़े। कल शाम पंचक्रोशी यात्रा के समापन के साथ ही अष्ट तीर्थ यात्रा पर श्रद्धालु निकल गए थे और उन्होंने रामघाट तथा त्रिवेणी घाट पर रात्रि विश्राम किया। आज वैशाख मास की अमावस्या है और शनिवार होने के कारण इसका महत्व शनिचरी अमावस्या के रूप में और बढ़ गया है। यही कारण है कि आज तड़के 4 बजे से ही रामघाट से लेकर त्रिवेणी घाट तक श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाना शुरु कर दिया था। हालांकि आज त्रिवेणी संगम पर शिप्रा स्नान कर नवग्रह शनि मंदिर में शनिदेव की पूजा करने तथा उसके बाद दान पुण्य और पनौती छोडऩे का विधान है। यही कारण है कि त्रिवेणी घाटों पर कल शाम से ही श्रद्धालुओं ने डेरा डालना शुरु कर दिया था।



    श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन ने यहाँ रात्रि विश्राम के लिए परिसर में इंतजाम किए थे और श्रद्धालुओं के लिए टेन्ट लगाए गए थे। रात में सभी ने यहीं भजन-कीर्तन किए और मध्य रात्रि के बाद से शिप्रा स्नान करना शुरु कर दिया। त्रिवेणी पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर ही फव्वारे लगाए गए हैं। यहाँ महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग फव्वारे लगाए गए। बावजूद इसके आज सुबह यहाँ सभी श्रद्धालु एक साथ फव्वारों के नीचे स्नान करते नजर आए। रामघाट पर भी आज सुबह से हजारों की संख्या में लोग शिप्रा स्नान के लिए पहुँच रहे हैं। मालवा के श्रद्धालुओं के अलावा पंचक्रोशी यात्रा में आए 20 हजार से ज्यादा श्रद्धालु भी आज रामघाट और त्रिवेणी संगम तक स्नान करने पहुँचे। दोपहर तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु शिप्रा स्नान कर चुके थे। त्रिवेणी संगम के अलावा रामघाट क्षेत्र में भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए होमगार्ड के जवान नौका से नजर रख रहे थे।

    बसों से लेकर मैजिक वाहनों तक में भीड़
    शनिचरी अमावस्या के चलते वैसे तो कल शाम से ही पंचक्रोशी यात्रियों के साथ-साथ बाहर से स्नान हेतु श्रद्धालुओं ने निजी बसों के जरिये शहर आना शुरु कर दिया था। आज सुबह से भी बड़ी संख्या में बसों में भरकर श्रद्धालु शहर पहुँच रहे हैं। वहीं देवासगेट से लेकर त्रिवेणी संगम तक श्रद्धालु पहुँचने के लिए मैजिक और अन्य वाहनों में सवारी कर रहे हैं। आज सुबह से ही इस रूट के सभी लोक परिवहन फुल चल रहे हैं। स्नान के बाद कई श्रद्धालुओं बसों में बैठकर घर रवाना होना भी शुरु कर दिया था।

    दर्शन के लिए बेरिकेट्स में भी कतार
    त्रिवेणी स्थित नवग्रह शनि मंदिर में आज श्रद्धालु शिप्रा स्नान करने के बाद उनका तेल, काले तिल से पूजन करने के लिए उमड़ रहे हैं। घाट से लेकर मंदिर के प्रवेश द्वार तक परिसर में श्रद्धालुओं की कतार के लिए बेरिकेट्स लगाए गए हैं। बेरिकेट्स के घेरों में भी हजारों श्रद्धालु कतार में लगे दिखाई दे रहे थे।

    स्नान के बाद छोड़ी पनौती, ढेर लगे
    शनिचरी अमावस्या के प्रत्येक स्नान के बाद श्रद्धालु घाटों पर ही पनौती अपने पुराने वस्त्र और चप्पल जूते पनौती के रूप में छोड़ते हैं। आज सुबह से भी त्रिवेणी घाटों पर स्नान के बाद श्रद्धालुओं द्वारा कपड़े और जूते चप्पलों का त्याग किया जा रहा था। इसी के चलते घाटों पर जगह-जगह पुराने कपड़ों और चप्पल-जूतों के ढेर लग गए थे।

    नदी में उतरकर स्नान कर रहे श्रद्धालुओं को रोका पुलिस ने
    त्रिवेणी संगम पर आज सुबह जहाँ एक ओर मुख्य घाट पर हजारों श्रद्धालु फव्वारों के नीचे स्नान कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर घाट के ठीक सामने भी कई महिला और पुरुष श्रद्धालु त्रिवेणी संगम पर स्नान करने पहँुच गए थे। जानकारी लगने पर पुलिसकर्मी वहाँ पहुँचे और उन्होंने शिप्रा में उतरकर स्नान कर रहे लोगों को वहाँ से हटाया तथा फव्वारा स्नान के लिए जाने का कहा।

    Share:

    बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, ईडी ने जब्त की 7.27 करोड़ की संपत्ति

    Sat Apr 30 , 2022
    नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री (Bollywood Actress) जैकलीन फर्नांडिस (Jacqueline Fernandez) के खिलाफ ईडी (ED) ने बड़ी कार्रवाई (Big Action) की है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जैकलीन फर्नांडिस की 7.27 करोड़ की संपत्ति (Assets Worth 7.27 Crores) जब्त की है (Seized) । प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उपरोक्त कार्रवाई अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस के खिलाफ सुकेश चंद्रशेखर के […]
    सम्बंधित ख़बरें
  • खरी-खरी
    गुरुवार का राशिफल
    मनोरंजन
    अभी-अभी
    Archives
  • ©2024 Agnibaan , All Rights Reserved