इन्दौर। प्रशासन और नगर निगम द्वारा आज से फिर मल्टियों के अवैध बेसमेंट में बनी दुकानों को तोडऩे का अभियान फिर शुरू किया गया है। पिछले कई दिनों से यह अभियान विभिन्न कारणों के चलते बंद हो गया था। आज सुबह राजेंद्रनगर रेलवे स्टेशन के पास बनी मल्टी के बेसमेंट में चार दुकानें ढहा दी गईं। प्रशासन और नगर निगम की टीमों ने शहर के कई प्रमुख मार्गों पर बनी इमारतों में पार्किंग की जगह अवैध रूप से बनाई गई दुकानें, गोदाम और कार्यालयों को सील करने के साथ-साथ तोडऩे की कार्रवाई का अभियान तीन माह पहले चलाया था। इसके चलते कई स्थानों पर बड़ी संख्या में कार्रवाई की गई थी और कई दुकानों को सील किया गया था। इनमें बड़े शोरूम से लेकर कई प्रमुख मार्केट भी शामिल थे।
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अब फिर से यह अभियान शुरू किया गया है। इसके चलते आज सुबह राजेंद्रनगर रेलवे स्टेशन के पास वक्रतुण्ड अपार्टमेंट के बेसमेंट में अवैध रूप से बनाई गई चार दुकानें ढहाने की कार्रवाई की गई। वहां कुछ दुकानें चाय की और कुछ गोदाम के रूप में उपयोग की जा रही थीं। कार्रवाई के दौरान हंगामा न हो, इसके लिए पुलिस बल के साथ-साथ प्रशासनिक और निगम अधिकारी मौके पर मौजूद थे।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved