• img-fluid

    ओपन पिंजरे में परिंदों के बीच से गुजरेंगे दर्शक

  • September 23, 2020


    – प्राणी संग्रहालय में 300 विदेशी परिंदों का लगेगा जमावड़ा
    – 70 से ज्यादा विदेशी नस्ल के आकर्षक परिंदों के लिए सवा करोड़ में बन रहा है खुला पिंजरा
    इन्दौर। प्राणी संग्रहालय में सवा करोड़ की लागत से विदेशी परिंदों के लिए ओपन पिंजरा बनाया जा रहा है। इसकी खासियत यह होगी कि इसमें 70 से ज्यादा विदेशी नस्ल के 300 परिंदे रहेंगे और इस ओपन पिंजरे में दर्शक परिंदों के बीच से होकर गुजरेंगे। इसके लिए उन्हें अलग से टिकट खरीदना होगा। जू का यह प्रयोग दर्शकों को खासा पसंद आने की उम्मीद है। विदेशी तर्ज पर बड़े मैदान में बनाए जा रहे इन पिंजरों के करीब 6 से 8 माह के बीच तैयार होने की संभावना है।
    प्रभारी अधिकारी डॉ. उत्तम यादव के मुताबिक जू में अब विदेशी परिंदों के लिए अलग से विशालकाय ओपन पिंजरे का निर्माण कार्य जारी है। यहां 70 से ज्यादा विभिन्न विदेशी प्रजातियों के परिंदे रहेंगे और उसमें सबसे खास बात यह रहेगी कि इन परिंदों के बीच से दर्शक गुजर सकेंगे। यह अब तक का अनोखा प्रयोग रहेगा और इसके साथ ही यहां तमाम सुविधाएं जुटाई जाएंगी। उनके मुताबिक ओपन पिंजरे में प्रवेश करने वाले दर्शकों को अलग से टिकट लेना होगा। इसी प्रकार की व्यवस्था सांपघर में भी है। वहां भी दर्शकों को जू में प्रवेश के लिए खरीदे गए टिकट के अलावा नया टिकट खरीदना होता है। इस पूरे प्रोजेक्ट पर सवा करोड़ का खर्च अनुमानित है और 300 से ज्यादा विदेशी परिंदों का आगमन होगा। इसके अलावा जू में कई अन्य पिंजरों को भी संवारने की कार्रवाई तेजी से चल रही है। वहां सांपघर को देखने बड़ी संख्या में दर्शक पहुंच रहे हैं, क्योंकि वहां 40 से ज्यादा प्रजातियों के सांप रखे गए हैं, जिनमें कई दुर्लभ सांप भी हैं।

    सेंट्रल जू अथॉरिटी से स्वीकृत कराए पिंजरे
    प्राणी संग्रहालय में नगर निगम द्वारा करोड़ों का बजट स्वीकृत कर बनाए जा रहे ये पिंजरे सेंट्रल जू अथॉरिटी के मान से बनाए जा रहे हैं। खास बात यह होती है कि किसी भी पिंजरे को बनाने के पहले उसकी पूरी डिजाइन और स्थान तय कर सेंट्रल जू अथॉरिटी को भेजना पड़ता है। वहां से मंजूरी मिलने के बाद ही प्राणी संग्रहालय के अधिकारी इसका निर्माण कार्य शुरू करा पाते हैं। हाल ही में वहां बनाए गए सांपघर और कुछ अन्य पिंजरों को लेकर सेंट्रल जू अथॉरिटी ने विभिन्न निर्देश दिए थे।


    विदेशों में हैं ऐसे बर्ड पार्क
    विदेशों में इस तरह के कई बर्ड पार्क हैं। इन बर्ड पार्क में पंछी खुले में विचरण करते हुए दर्शकों के हाथों और कंधों तक पर बैठ जाते हैं। सिंगापुर और थाईलैंड के ऐसे बर्ड पार्क पूरी दुनिया में मशहूर हैं। इन बर्ड पार्कों में ऊपर बड़ी जालियां लगी होती हैं, जिससे पंछी खुले आसमान में नहीं जा पाते हैं, लेकिन पूरे पार्क में विचरण करते रहते हैं।

    Share:

    छुट्टी के दिन भी बनवा सकेंगे ड्राइविंग लाइसेंस

    Wed Sep 23 , 2020
    इन्दौर।  परिवहन विभाग में वैसे तो कोई भी काम बिना लेन-देन के नहीं होता है और अभी कोरोना काल के चलते तो ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य काम के लिए लोगों को काफी परेशान होना पड़ रहा है। अभी अपॉइन्टमेंट भी आसानी से नहीं मिल रहे और आगे 15 से 20 दिन की प्रतिक्षा बताई जा […]
    सम्बंधित ख़बरें
  • खरी-खरी
    गुरुवार का राशिफल
    मनोरंजन
    अभी-अभी
    Archives
  • ©2024 Agnibaan , All Rights Reserved