• img-fluid

    T20 World Cup: अर्धशतक लगाकर रोहित शर्मा रिटायर्ड हर्ट हुए, बनाए कई रिकॉर्ड

  • June 06, 2024

    न्यूयॉर्क। टी20 विश्व कप 2024 में भारत ने आयरलैंड को हराकर टूर्नामेंट में विजयी आगाज किया है। 97 रन के लक्ष्य को भारतीय टीम ने 12.2 ओवर में हासिल कर लिया। कप्तान रोहित शर्मा ने 37 गेंद में चार चौके और तीन छक्के की मदद से 52 रन की पारी खेली। हालांकि, वह रिटायर्ड हर्ट हो गए। मैच के बाद रोहित ने बताया कि उनके हाथ में थोड़ा सा दर्द है, जो कि उन्होंने टॉस के समय भी बताया था। इसी वजह से वह रिटायर्ड हर्ट हुए। भारत को अगला मैच पाकिस्तान जैसी मजबूत टीम से खेलना है और उस मैच में रोहित का होना बेहद जरूरी है। यही वजह है कि उन्होंने सतर्कता बरती। रोहित ने इस मैच में कई रिकॉर्ड भी अपने नाम किए।

    मैच में 37 रन बनाते ही रोहित ने टी20 विश्व कप में हजार रन भी पूरे कर लिए। वह इस टूर्नामेंट में ऐसा करने वाले तीसरे खिलाड़ी बने। उनसे पहले विराट कोहली और श्रीलंका के महेला जयवर्धने यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। विराट के नाम इस टूर्नामेंट में 1142 रन और जयवर्धने के नाम 1016 रन हैं। रोहित एक रन से जयवर्धने को पीछे छोड़ने से चूक गए। रोहित के नाम फिलहाल टी20 विश्व कप में 37 पारियों में 128.48 के स्ट्राइक रेट से 1015 रन हैं।

    इसके साथ ही हिटमैन ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में 4000 रन भी पूरे कर लिए। विराट कोहली के बाद ऐसा करने वाले वह दूसरे भारतीय हैं। वहीं, विराट के बाद रोहित ही एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जिनके नाम तीनों प्रारूप में 4000 से ज्यादा रन हैं। विराट ने टेस्ट में 8848 रन, वनडे में 13,848 रन और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 4038 रन हैं। वहीं, रोहित ने टेस्ट में 4137 रन, वनडे में 10,709 रन और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 4026 रन हैं।


    रोहित ने पारी के दौरान तीन छक्के लगाए। इनमें अपने चिरपरिचित अंदाज में पुल शॉट पर छक्का भी शामिल है। रोहित ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 600 छक्के भी पूरे कर लिए। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह मुकाम छूने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गए। उनके बाद दूसरे नंबर पर क्रिस गेल हैं। गेल ने टेस्ट, वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय को मिलाकर कुल 553 छक्के लगाए थे। वहीं, शाहिद अफरीदी 476 छक्कों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।

    रोहित ने मार्क अडायर की फुलटॉस गेंद पर चौका लगा 36 गेंद में अपना 30वां टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक भी पूरा कर लिया। 2012 से 2022 के पिछले पांच विश्वकप में विराट कोहली अर्धशतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज थे, लेकिन इस बार यह उपलब्धि रोहित शर्मा ने अर्जित की। 10वें ओवर में रोहित 37 गेंद में 52 रन बनाने के बाद रिटायर्ड हर्ट हो गए। नौवें ओवर में लिटिल की गेंद उनके हाथ पर लगी थी।

    इतना ही नहीं रोहित शर्मा ने कप्तानी में भी नया रिकॉर्ड बनाया है। वह महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ भारत के सबसे कामयाब टी20 कप्तान बन गए हैं। रोहित की कप्तानी में टीम इंडिया ने टी20 में 55 मैचों में से 42 में जीत हासिल की है। 12 मैच भारत ने गंवाए और एक मैच टाई रहा। वहीं, धोनी की कप्तानी में भारत ने 72 में से 41 टी20 मैच जीते थे। 28 में टीम इंडिया को हार मिली थी। एक मैच टाई रहा और दो का कोई नतीजा नहीं निकला था।

    Share:

    Lok Sabha Elections 2024: सभी एग्जिट पोल्स फेल: फिर भी दोहराया गया 20 साल पुराना इतिहास

    Thu Jun 6 , 2024
    नई दिल्‍ली (New Delhi)। लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections) परिणाम 4 जून को सभी के सामने आ चुके है। इन चुनाव में जनता ने किसी भी पार्टी को बहुत नहीं दिया है, हालांकि मतगणना से पहले, इंडिया गठबंधन (india alliance) इस बारे में बात करता रहा कि बीजेपी (BJP) के लिए 2024 के चुनावी नतीजे […]
    सम्बंधित ख़बरें
  • खरी-खरी
    रविवार का राशिफल
    मनोरंजन
    अभी-अभी
    Archives
  • ©2024 Agnibaan , All Rights Reserved