भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

महाकौशल में 2018 के झटके से उबरने की बनेगी रणनीति

  • भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जबलपुर में रहेंगे दो दिन
  • महाकौशल के युवाओं से करेंगे संवाद, बूथ की लेंगे बैठक

भोपाल। प्रदेश में चुनावी बिसात बिछ चुकी है। प्रदेश में आगामी चुनावी माहौल को देखते हुए भाजपा यूथ और बूथ दोनों को मजबूत करने में जुट गई है। इसी कड़ी में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा का मध्यप्रदेश दौरा होने जा रहा है। इसके लिए भाजपा संगठन तैयारी में जुटा हुआ है। विकास के तमाम दावों के बाद भी भाजपा 2018 में सत्ता से दूर हो गई थी। इसके पीछे महाकौशल क्षेत्र में पार्टी की खराब परफॉर्मेंस एक वजह है। इसी महाकौशल में अब दो जून को यूथ सम्मेलन में दम दिखाने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पहुंच रहे हैं। जबलपुर उनकी ससुराल भी है। इस कारण वे एक दिन पहले यानी 1 जून को जबलपुर पहुंच रहे हैं। विधानसभा चुनाव 2023 से पहले पार्टी सभी कील-कांटे दुरुस्त कर लेना चाहती है। पार्टी इस बार 2013 विधानसभा चुनाव से आगे का प्रदर्शन दोहराए। तब पार्टी को 38 सीटों में 24 पर सफलता मिली थी।



भाजपा महाकौशल अंचल में पैर मजबूत करने की रणनीति बनानी शुरू कर दी है। पहले जनजातीय समुदाय, दलित, पिछड़ा वर्ग के बाद अब युवाओं को साधने पर फोकस हो रहा है। युवा मोर्चा का युवा कनेक्ट अभियान इसी का हिस्सा है। जबलपुर में दो जून को आयोजित यूथ सम्मेलन में शामिल होने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आ रहे हैं। यूथ सम्मेलन में जबलपुर शहर और ग्रामीण सहित नौ जिलों के युवाओं को बुलाया जा रहा है। पार्टी इस सम्मेलन के माध्यम से युवाओं को पार्टी की विचारधारा से जोडऩे पर जोर दे रही है। युवा कनेक्ट के जरिए युवाओं को प्रेरित करने के लिए सोशल मीडिया की विभिन्न टीमों को सक्रिय कर दिया गया है।

महाकौशल की 38 सीटों पर नजर
भाजपा को 2018 के विधानसभा चुनाव में 109 और कांग्रेस को 111 सीटें मिली थी। तब निर्दलीय और बसपा विधायकों के सहयोग से कमलनाथ ने सरकार बना ली थी। भाजपा को सत्ता से दूर रखने में बहुत हद तक महाकौशल में पार्टी का खराब प्रदर्शन था। महाकौशल की 38 सीटों में पार्टी को महज 13 पर ही सफलता मिली थी। 15 महीने बाद भले ही भाजपा को फिर से सत्ता मिल गई, लेकिन ये टीस अब भी बनी हुई है। अब 2023 से पहले पार्टी महाकौशल के अपने पुराने गढ़ को फिर से मजबूत करने में जुट गई है।

बूथ और यूथ पर नजर
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा पहले भोपाल और फिर जबलपुर आएंगे। वो 1 जून की शाम को भोपाल से जबलपुर पहुंचेंगे। यहां डुमना एयरपोर्ट से लेकर बीजेपी के संभागीय कार्यालय तक एक रोड शो भी निकाला जाएगा। इस रोड शो में शहर भर के चौक चौराहों पर स्वागत मंच बनाए जाएंगे ताकि बीजेपी अध्यक्ष का भव्य स्वागत हो सके। इसके बाद 2 जून को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। किसी भी कार्यकर्ता के घर भोजन का कार्यक्रम भी तय किया गया है।

कार्यकर्ता के घर भोजन करेंगे नड्डा
जबलपुर भाजपा के नगर अध्यक्ष जी एस ठाकुर ने बताया यूथ कनेक्ट अभियान के तहत भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा जबलपुर आ रहे हैं। वो यहां युवाओं के संभागीय सम्मेलन को संबोधित करेंगे। यूथ कनेक्ट अभियान के तहत भाजपा संगठन यूथ के साथ-साथ बूथ को भी मजबूत करने का काम कर रही है। इसलिए भाजपा अध्यक्ष युवाओं और मंडल के तमाम पदाधिकारियों के साथ भी बैठक करेंगे। इसके लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार और संगठन मंत्री हितानंद शर्मा भी जबलपुर आ रहे हैं। नड्डा के आगमन से पहले संगठन तमाम तैयारी में जुट गया है।

Share:

Next Post

मध्यप्रदेश में तबादलों से सितंबर में हटेगा प्रतिबंध

Sat May 28 , 2022
भोपाल। मध्य प्रदेश में तबादलों से प्रतिबंध फिलहाल नहीं हटेगा। नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव को देखते हुए सामान्य प्रशासन विभाग ने तबादला नीति 2022 के प्रस्ताव को ठंडे बस्ते में डाल दिया है। तय किया गया कि सितंबर में स्थानांतरण से प्रतिबंध हटाया जाएगा। तब तक पंचायत और नगरीय निकाय चुुनाव हो जाएंगे। विशेष […]