उज्जैन। सिंहस्थ 16 में निर्मित चिंतामन बायपास को 701.86 करोड़ की लागत से फोरलेन किया जाएगा। कलेक्टर ने बायपास का निरीक्षण कर भू-अधिग्रहण और टेंडर जल्द करने के निर्देश दिए है। उज्जैन सिंहस्थ बायपास मार्ग का निर्माण सिंहस्थ 2016 के अंतर्गत टू लेन विद पेवर शोल्डर किया गया था। इंदौर उज्जैन मार्ग (हरिफाटक फोरलेन) के शांति पैलेस चौराहे से प्रारंभ होकर वर्तमान में उज्जैन जावरा मार्ग के भैरवगढ़ पर समाप्त होता है। सिंहस्थ 2028 को दृष्टिगत रखते हुए 19 किलोमीटर लम्बे इस मार्ग को फोरलेन किया जाना प्रस्तावित है।
यह उज्जैन-झालावाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग के अंतर्गत ग्राम सुरासा के समीप समाप्त होगा। इसमें 5 किमी ग्रीन फील्ड मार्ग बनाया जाना भी प्रस्तावित है, जो ग्राम सुरासा पर निर्मित होगा। इस मार्ग के फोरलेन निर्माण होने से सिंहस्थ में आवागमन और यातायात प्रबंधन करने में सुविधा मिलेगी। इस मार्ग के अंतर्गत ग्राम नानाखेड़ा, ग्राम जीवनखेड़ी, सांवराखेड़ी, मंगरोला, जियापुरा, मोहनपुरा, भीतरी चक, कोलूखेड़ी, कालियादेह, सुरासा और ग्राम ढाबला रेहवारी आएँगे। इसकी निर्माण लागत 701.86 करोड़ रुपए होगी। कलेक्टर सिंह ने इस परियोजना के अंतर्गत भू अधिग्रहण का कार्य तेज गति से किये जाने तथा टेंडर प्रक्रिया समाप्त कर कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने सिंहस्थ बायपास मार्ग का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने शांति पैलेस रोड शिप्रा ब्रिज, ग्राम सांवराखेड़ी, नागदा रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज, अंडरपास, जंक्शन और मोहनपुरा ब्रिज का निरीक्षण किया गया। सांवराखेड़ी में अंडरपास ब्रिज बनाए जाने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि सांवराखेड़ी पर सिंहस्थ में बाहर से आने वाले वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। कलेक्टर ने ग्राम नईखेड़ी मार्ग, नईखेड़ी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्रीमती जयति सिंह, संभागीय प्रबंधक एमपी आरडीसी एसके मनवानी, सहायक महाप्रबंधक एमपीआरडीसी दीपक कुमार शर्मा मौजूद थे।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved