उज्जैन। सिंहस्थ 2028 के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर जीआरपी पुलिस द्वारा उज्जैन से लगे कई स्टेशनों पर अस्थायी पुलिस चौकियाँ बनाई जाएगी। साथ ही आवश्यकता के हिसाब से पुलिस बल भी बढ़ाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि सिंहस्थ 2028 में 15 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के उज्जैन आने का अनुमान है। इस दौरान 1000 से अधिक ट्रेनों को चलाने की तैयारी रेलवे की है। इसके साथ ही सिंहस्थ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए रेलवे दो फ्लेग स्टेशनों पर आवाजाही का नया प्लान बना रहा है। ऐसे में सिंहस्थ के दौरान उज्जैन आने वाली ट्रेनों और आसपास बने छोटे बड़े स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए जीआरपी पुलिस 5 से अधिक अस्थाई पुलिस चौकियाँ बनाएगी। इसके अलावा सिंहस्थ के दौरान चलने वाली सभी स्पेशल ट्रेनों में सुरक्षा जवानों की ड्यूटियाँ भी लगाई जाएगी। बता दें कि अब तक भीड़ नियंत्रण को लेकर कुम्भ 2016 जैसी व्यवस्था पर काम किया जा रहा था लेकिन सिंहस्थ 2028 में श्रद्धालुओं की संख्या लगभग 3 गुना बढ़ेगी, इसको लेकर रेलवे ने भीड़ नियंत्रण के कई नए प्लान तैयार किए हैं। जिन्हें वर्ष 2028 शुरू होने से पहले ही धरातल पर उतरा जाएगा। वर्तमान में उज्जैन रेलवे की सीमा एवं क्षेत्राधिकार में केवल एक थाना और दो पुलिस चौकियाँ बनी है। इसमें जीआरपी पुलिस का थाना उज्जैन रेलवे स्टेशन पर बना है और चौकियों में एक चौकी देवास और एक मक्सी रेलवे स्टेशन पर बनी हुई है।
निगरानी के होंगे पुख्ता इंतजाम…
जीआरपी थाना प्रभारी सोहनलाल पाटीदार ने बताया कि सिंहस्थ के दौरान रेल यात्रियों की सुरक्षा इंतजामों पर खास ध्यान रखा जाएगा। जीआरपी जवानों के पुख्ता इंतजाम किए जाएँगे। उस समय उज्जैन स्थित जीआरपी थाना तथा आसपास बनी स्थाई और अस्थाई पुलिस चौकियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। साथ ही पुलिस थानों की दशा भी सुधारी जाएगी।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved