देश मध्‍यप्रदेश

सिवनी में बड़ा हादसा, खेत में काम कर रहे मजदूरों पर गिरी आकाशीय बिजली, 3 की मौत, 4 झुलसे

सिवनी (Seoni) । मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) के सिवनी जिले (Seoni District) में मंगलवार शाम बड़ा हादसा हो गया। यहां खेत पर बुआई का काम कर रहे मजदूरों (Laborers) पर आकाशीय बिजली (Lightning) गिरने से 3 मजदूरों की मौत हो गई, वहीं 4 अन्य महिला मजदूर झुलस गईं। घटना की जानकारी लगते ही प्रभारी कलेक्टर नवजीवन पवार और एसपी राकेश कुमार सिंह जिला अस्पताल पहुंचे और घायल मजदूरों के उचित उपचार के लिए डॉक्टरों को निर्देश दिए। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भी X पर लिखा कि इस दुःख की घड़ी में हम शोकाकुल परिवार के साथ हैं। साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को 4-4 लाख रुपए की सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

यह हादसा सिवनी जिले के बंडोल थाना क्षेत्र के बकोड़ी जमुनिया गांव में हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां सभी का इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस ने मृतकों के शवों को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। वहीं इस घटना की बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


मिली जानकारी के अनुसार जमुनिया ग्राम निवासी कुछ लोग खेत मे काम करने गए हुए थे। जहां शाम 5:30 बजे अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और बारिश के साथ असमान में जोरदार बिजली कड़की और खेत में काम कर रहे लोगों के ऊपर गिर गई। घटना की जानकारी प्रत्यक्षदर्शियों ने बंडोल पुलिस और 108 वाहन को दी। जिसके बाद मृतकों व घायलों को अस्पताल लाया गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शव का पंचनामा बनाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतकों में राजाराम जंघेला पिता रामस्वरुप जंघेला उम्र 32 वर्ष निवासी बकोड़ी, मंगल जंघेला पिता क्रेजी जंघेला उम्र 36 वर्ष निवासी बकोड़ी, मदन जंघेला पिता भीकम जंघेला उम्र 42 वर्ष निवासी बकोड़ी शामिल है। वहीं घायलों के नाम पिंकी पति मंगल जंघेला उम्र 24 वर्ष निवासी बकोड़ी, प्रीति पति मदन जंघेला उम्र 30 वर्ष निवासी बकोड़ी, मौसम पति रामभवन जंघेला उम्र 35 वर्ष निवासी बकोड़ी, रीना पति राजाराम जंघेला उम्र 28 वर्ष निवासी बकोड़ी के नाम शामिल हैं।

बंडोल थाना प्रभारी राजेश कुमार दुबे ने बताया कि जानकारी मिली थी कि जमुनिया ग्राम में खेत पर कुछ लोग काम कर रहे थे जो आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। जिनमें से 3 की मौत हो गई और 4 घायल हो गए हैं। ये सभी लोग खेत में पत्थर बीनने गए हुए थे और हादसे का शिकार हो गए। फिलहाल घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

Share:

Next Post

ले. जनरल उपेंद्र द्विवेदी होंगे नए सेना प्रमुख, भारत-चीन सीमा का है लंबा अनुभव

Wed Jun 12 , 2024
नई दिल्ली। डिप्टी आर्मी चीफ लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी (Lt. Gen. Upendra Dwivedi) नए सेना प्रमुख (new Army Chief) होंगे। वह जनरल मनोज पांडेय (General Manoj Pandey) की जगह लेंगे। लेफ्टिनेंट जनरल द्विवेदी की नियुक्ति में सरकार ने वरिष्ठता के सिद्धांत का पालन किया है। रक्षा मंत्रालय (Ministry of Defence) ने इस बारे में जारी […]