इंदौर न्यूज़ (Indore News)

स्कूटर बन जाएगा रिक्शा, शहर में टू इन वन और तीन पहिया वाहनों की नई कैटेगरी

  • – केंद्रीय परिवहन मंत्रालय ने जारी किया नोटिफिकेशन, नए वाहनों की कैटेगरी को एल2-5 नाम दिया
  • – हीरो कंपनी ने कुछ दिन पहले सर्ज नाम से बनाई है ऐसी गाड़ी, जो स्कूटर और रिक्शा दोनों बन जाती है

इंदौर, विकाससिंह राठौर। देश में जल्द ही दो और तीन पहिया वाहनों में एक क्रांतिकारी दौर की शुरुआत होने जा रही है। भारत में जल्द ही ऐसी गाडिय़ां नजर आएंगी, जो जरूरत पडऩे पर दोपहिया स्कूटर और तीन पहिया रिक्शा में बदल जाएंगी। इसकी शुरुआत कुछ समय पहले हीरो कंपनी ने एक कांसेप्ट मॉडल पेश करने के साथ की है। इसे लेकर कई और भी कंपनियां कतार में हंै। इसे देखते हुए केंद्रीय परिवहन मंत्रालय ने ऐसे वाहनों का रास्ता साफ करने के लिए ड्राफ्ट नोटिफिकेशन जारी करते हुए वाहनों की कैटेगरी शुरू करने का निर्णय लिया है।

परिवहन मंत्रालय द्वारा 29 जून को ही नोटिफिकेशन जारी करते हुए टू इन वन या दो और तीन पहिया वाहनों की कैटेगरी को एल2-5 नाम दिया है। इसमें ऐसा वाहन आता है, जिसमें एक दोपहिया वाहन है, जो एक मॉड्यूल के साथ तीन पहिया वाहन में कन्वर्ट हो सकता है। इसमें दो और कैटेगरी जुड़ती हैं। तीन पहिया रिक्शा यात्री वाहन होने पर इसे एल2-5एम और लोडिंग वाहन के रूप में होने पर एल2-5एन कैटेगरी का नाम दिया गया है। इस तरह के वाहन उन मध्यमवर्गीय लोगों के लिए काफी मददगार साबित होंगे, जिन्हें निजी जरूरतों के लिए एक दोपहिया की भी जरूरत है और कामकाज, व्यापार के लिए तीन पहिया की।

हीरो ने तैयार किया है पहला मॉडल सर्ज एस-32
इस तरह के वाहन अब तक भारतीय बाजारों में उपलब्ध नहीं हैं, लेकिन एक ऑटो शो में दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी हीरो ने सर्ज एस-32 के नाम से ऐसा कांसेप्ट मॉडल पेश किया है। ये गाड़ी बैटरी ऑपरेटेड है और सिर्फ एक बटन दबाने पर तीन पहिया रिक्शा से दोपहिया स्कूटर में कन्वर्ट हो जाती है। इस वाहन को अनुमति के लिए कैटेगरी बनाई गई है।

दो पहिया और तीन पहिया के मॉडल से बना एल 2-5
परिवहन निरीक्षक राजेंद्र पाटीदार ने बताया कि मोटर व्हीकल एक्ट में सभी तरह के वाहनों के लिए एक तय कैटेगरी है, जिसे टाइप अप्रूवल भी कहते हैं। दोपहिया वाहनों के लिए जहां एल-2 कैटेगरी है, वहीं तीन पहिया रिक्शा के लिए एल-5 कैटेगरी मौजूद है। इन्हीं दोनों कैटेगरी को हाइब्रिड तरीके से मिक्स कर नई कैटेगरी बनाने जा रही कंपनियों के लिए शासन ने एल2-5 नाम तय किया है।

कई अन्य कंपनियां भी कर रहीं ऐसे मॉडल्स पर काम
विशेषज्ञों के मुताबिक हीरो के साथ ही कई और भी बड़ी वाहन निर्माता कंपनियां इस तरह के हाइब्रिड वाहनों पर काम कर रही हैं। शासन द्वारा ऐसे वाहनों का रास्ता साफ कर दिए जाने के बाद इसमें और तेजी आएगी और आने वाले समय में सडक़ों पर बड़ी संख्या में ऐसे वाहन दौड़ते नजर आने की उम्मीद है। बैटरी ऑपरेटेड होने के कारण ये पर्यावरण के लिए भी बेहतर होंगे। साथ ही सडक़ पर वाहनों का दबाव भी घटेगा।

जल्द मोटर व्हीकल एक्ट में जुड़ेगी वाहनों की नई कैटेगरी
नई कैटेगरी के लिए अभी ड्राफ्ट नोटिफिकेशन जारी किया गया है। जल्द ही फाइनल नोटिफिकेशन जारी होने के साथ मोटर व्हीकल एक्ट में वाहनों की ये नई कैटेगरी जुड़ जाएंगी।
– प्रदीप शर्मा, आरटीओ, इंदौर

Share:

Next Post

जून में इंदौर को मिला सिर्फ 4 इंच पानी, अब जुलाई से अच्छी बारिश की उम्मीद

Mon Jul 1 , 2024
इंदौर। बारिश के प्रमुख महीने कहे जाने वाले जुलाई की शुरुआत हो चुकी है। जून माह में इंदौर में करीब 4 इंच बारिश ही हुई, जिसके बाद अब जुलाई से शहर को अच्छी बारिश की उम्मीद है, ताकि नदी-तालाबों में जल स्तर बढ़े, सूखे बोरिंग और कुएं फिर जीवित हो सकें और अगली गर्मी तक […]