साउथेम्पटन। भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (Rohit Sharma) का मानना है कि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC Final 2021) फाइनल में न्यूजीलैंड जैसी दमदार टीम के खिलाफ चीजों को सरल बनाये रखना जरूरी है। भारी बारिश के कारण शुक्रवार को फाइनल के पहले दिन का खेल प्रभावित रहा। इंग्लैंड में टेस्ट मैचों में पहली बार सलामी बल्लेबाज की भूमिका निभा रहे रोहित को न्यूजीलैंड के आक्रमण का अच्छी तरह से सामना करने का पूरा विश्वास है क्योंकि वह छोटे फॉर्मेट में कई बार उनका सामना कर चुके हैं।
रोहित ने ‘स्टार स्पोर्ट्स’ से कहा कि मैं उन गेंदबाजों का पहले सामना कर चुका हूं और उनके मजबूत और कमजोर पक्षों को जानता हूं। यह सब परिस्थितियों, टीम की स्थिति और हम पहले खेल रहे हैं या बाद में, इस पर निर्भर करेगा। इस ऐतिहासिक मैच के पहले दिन शुरुआती सत्र का खेल बारिश की भेंट चढ़ गया।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में एक सलामी बल्लेबाज के रूप में एक हजार से अधिक रन बनाने वाले रोहित ने कहा कि यह मायने रखेगा और इस बारे में ज्यादा न सोचना भी महत्वपूर्ण है। सीमित ओवरों के सुपरस्टार रोहित को भी खेल का पारंपरिक फॉर्मेट ही पसंद हैं क्योंकि यह आपके सामने लगातार चुनौती पेश करता है।
उन्होंने कहा कि आपको पांच दिन तक चुनौती का सामना करना होता है और मुझे लगता है कि ऐसा किसी अन्य खेल में नहीं होता है। यहां हर दिन अलग तरह की चुनौती होती है। लंबी अवधि के खेल में आपको धैर्य बनाये रखना होता है। आप भिन्न परिस्थितियों में खेलते हो और यह आसान नहीं है। रोहित ने कहा कि आपको पांच दिन तक मानसिक रूप से तरोताजा रहना होगा और मैदान पर अच्छे फैसले करने होंगे। आपको इन चुनौतियों से निपटने के लिये शारीरिक रूप से फिट रहना होगा।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved