पटना। बिहार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के अगले दिन बुधवार को राजेश कुमार (Rajesh Kumar) ने दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) से 20 मिनट तक मुलाकात की। कांग्रेस के शीर्ष दोनों नेताओं को उन्हें गुलदस्ता भेंट कर प्रदेश अध्यक्ष बनाने के लिए धन्यवाद दिया।
उन्होंने पार्टी आलाकमान को भरोसा दिया कि प्रदेश के सभी नेताओं को साथ लेकर पार्टी को आगे बढ़ाएंगे। आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की मजबूती के लिए भी आलाकमान से चर्चा की। सोशल मीडिया एक्स पर खरगे ने लिखा कि बिहार बदलाव के लिए तरस रहा है। बिहार के युवा रोजगार चाहते हैं और बिहार की जनता असली सामाजिक न्याय की आस लगाए इंतजार कर रही है।
नए अध्यक्ष को शुभकामना देते हुए उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में बिहार में कांग्रेस पार्टी नई बुलंदी हासिल करेगी। कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान, विधान परिषद में कांग्रेस के नेता मदन मोहन झा, पूर्व मंत्री कृपानाथ पाठक, नरेंद्र कुमार, प्रेमचंद्र मिश्रा, ब्रजेश पांडेय, राजेश राठौड़, निर्मल वर्मा, आनंद माधव आदि ने भी बधाई दी।
सदाकत आश्रम में बंटी मिठाई
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एक दूसरे को मिठाई बांट कर खुशी का इजहार किया। मौके पर ब्रजेश प्रसाद मुनन, प्रमोद कुमार सिंह, नागेंद्र कुमार विकल, अरविंद लाल रजक, सत्येंद्र कुमार सिंह, रामकलेवर सिंह, शकीलुर रहमान, राजकुमार शर्मा, मृणाल अनामय, प्रदुम्न यादव, कुंदन गुप्ता, सुनील कुमार सिंह,अश्विनी कुमार, दीपक पटेल, नदीम अंसारी आदि मौजूद रहे।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved