डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 120वें एपिसोड में सिनेमा जगत की बात की। पीएम मोदी ने कहा “हमारे स्वदेशी खेल अब लोकप्रिय संस्कृति का हिस्सा बन रहे हैं। मशहूर रैपर हनुमानकाइंड का नया गाना ‘रन इट अप’ इन दिनों काफी मशहूर हो रहा है। इसमें कलारीपयट्टू, गतका और थांग-ता जैसी हमारी पारंपरिक मार्शल आर्ट को शामिल किया गया है।”
बता दें कि रैपर हनुमानकाइंड का गाना ‘रन इट अप’ तीन हफ्ते पहले यूट्यूब पर रिलीज किया गया था। इसमें काफी उत्तेजक रैप है। इसमें कई भारतीय कलाओं को दिखाया गया है। इस गाने को अब तक दो करोड़ 74 लाख व्यूज मिल चुके हैं। गाने को 17 लाख लोगों ने लाइक किया है। गाने का निर्देशन बिजोय शेट्टी ने किया है।
इस गाने में कलारीपयट्टू को दिखाया गया है जो कि दुनिया में मार्शल आर्ट का सबसे पुराना रूप है। ये केरल में विकसित हुआ। गाने में गतका मार्शल आर्ट दिखाया गया है। यह ताकत, गति और भक्ति का तमाशा है। ये पंजाब से शुरू हुआ। इसमें तलवारबाजी, लाठी, ढाल और यहां तक कि चक्रम जैसे लचीले हथियारों का प्रदर्शन होता है। पीएम मोदी ने थांग-ता का भी नाम लिया है। यह मणिपुर की एक पारंपरिक मार्शल आर्ट है। इसका शाब्दिक अर्थ है ‘तलवार और भाला’। यह एक मार्शल आर्ट है। यह कभी मणिपुर के योद्धाओं की पहचान हुआ करती थी। गाने में मर्दानी खेल दिखाया गया है। मर्दानी खेल एक मार्शल आर्ट है, जिसका शाब्दिक अर्थ है ‘मर्दाना खेल’। ये महाराष्ट्र में विकसित हुआ।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved