सतना। जिले के चित्रकूट नयागांव थाना क्षेत्र (Chitrakoot Nayagaon Police Station Area) के अंतर्गत गुप्त गोदावरी से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की एक बस अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराने (hitting the culvert) के बाद पलट गई। इस हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौत (death of female devotee) हो गई, जबकि 35 यात्री घायल हो गए हैं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इस घटना पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुख व्यक्त किया है।
नयागांव थाना पुलिस के अनुसार सतना के श्रद्धालु रविवार को मिश्र बंधु बस सर्विस की एक बस से चित्रकूट स्थित गुप्त गोदावरी के दर्शन करने के लिए गए थे। शाम को करीब चार बजे बस श्रद्धालुओं को लेकर वापस आ रही थी, तभी रास्ते में एक आटो को बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित होकर एक पुलिया से टकराते हुए सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट के माध्यम से हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि, “गुप्त गोदावरी से लौट रहे तीर्थयात्रियों से भरी बस के चित्रकूट में पुलिया से गिरने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। प्रशासन की टीम रेस्क्यू में जुटी है। मौके पर एसपी और कलेक्टर मौजूद हैं। मैं भी सतत संपर्क में हूं।”
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved