• img-fluid

    नए कृषि कानून ने किसानों के लिए नए अवसर खोले: रविशंकर प्रसाद

  • December 20, 2020

    पटना। केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि मोदी सरकार के कृषि कानून ने देश के किसानों के लिए नए अवसर खोल दिये हैं। कॉमन सर्विस सेंटर के तहत मोबाइल एप के जरिए किसानों को दुनिया भर के बाजार से जोड़ने का काम मोदी सरकार ने कर दिखाया है। अब किसान जब चाहे, जहां चाहे और जिस बाजार में चाहे अपनी फसल को बेच सकते हैं। इस क़ानून से किसानों को आजादी मिली है।

    केन्द्रीय मंत्री रविवार को बांकीपुर से भारतीय जनता पार्टी के नितिन नवीन की लगातार चौथी बार विधानसभा चुनाव की जीत पर अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों के सम्मान में धन्यवाद सभा सह किसान चौपाल को संबोधित कर रहे थे। पटना के बुद्ध मार्ग स्थित बिहार स्काउट एंड गाइड मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि 2019 के अपने घोषणा पत्र में कांग्रेस पार्टी ने कहा था कि वे कृषि मंडी कानून को समाप्त कर देंगे। शरद पवार ने भी इसी तरह की बात कहते हुए तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को पत्र लिखा था। मनमोहन सिंह की सरकार यह लागू नहीं कर पाई लेकिन केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने किसानों के हित की रक्षा करने वाला कानून लागू कर दिया। केंद्रीय मंत्री प्रसाद ने कहा कि मोदी सरकार देश के दस करोड़ किसानों के बैंक खाते में प्रति वर्ष छह हजार रुपये किसान सम्मान निधि जमा कराती है।

    कार्यक्रम को महापौर सीता साहू ने भी संबोधित किया और बांकीपुर से नितिन नवीन को विजयी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। कार्यक्रम में एनडीए के घटक दल वीआईपी पार्टी और बिहार सरकार के पशुपालन एवं मत्स्य मंत्री मुकेश सहनी के साथ पटना की महापौर सीता साहू और भाजपा प्रदेश महामंत्री देवेश कुमार, पूर्व उप महापौर विनय कुमार पप्पू, सभी वार्ड पार्षदों के साथ हजारों की संख्या में बांकीपुर विधानसभा के भाजपा कार्यकर्ता तथा समर्थक शामिल हुए। 

    भ्रम फैलाने वालों से किसानों को सावधान रहना होगाः नित्यानंद राय

    केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने अपने संबोधन में कहा कि 70 वर्षों में पहली बार किसानों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई योजनाओं की शुरुआत की। सिंचाई के लिए सस्ती बिजली उपलब्ध कराना, एमएसपी में प्रति वर्ष लगातार बढ़ोतरी करना, मिट्टी की हेल्थ कार्ड, निम कोटिंग यूरिया द्वारा यूरिया की काला बाजारी रोकने जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाये गए हैं। किसानों की आमदनी दुगुनी करने में जो बाधाएं थीं उस कानून में संशोधन कर प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों के लिए नया कानून बनाया। भ्रम फैलाने वालों से किसानों को सावधान रहना होगा। न तो एमएसपी समाप्त होने वाला है और न ही मंडी। अब ये किसानों को स्वतंत्रता है कि वो अपना फसल किसे बेचें। मोदी सरकार के रहते हुए किसानों को धोखा देने की हिम्मत कोई नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि इस कानून ने कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम से फार्मिंग करने की छूट किसानों को दी है। तेजस्वी यादव चुनाव में हार के लिए अपना आक्रोश किसानों के बहाने आंदोलन कर अपना विरोध प्रकट कर रहे हैं।

    किसानों का आदर और सम्मान करने वाली है नरेंद्र मोदी सरकारः मुकेश सहनी

    बिहार सरकार के पशुपालन मंत्री मुकेश साहनी ने कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि आज देश में किसानों के नाम पर राजनीति की जा रही है। केंद्र की मोदी सरकार किसानों का आदर और सम्मान करने वाली सरकार है। किसान सम्मान के लिए प्रतिबद्ध मोदी सरकार मत्स्य सम्पदा के लिए भी नीली क्रांति की योजना लेकर आयी है। एनडीए की सरकार किसानों और युवाओं के लिए आनेवाले समय में बिहार में चौड़ प्रोजेक्ट के तहत नए रोजगार का सृजन किया जाएगा। साथ ही दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में मौजूदा 20 लाख लीटर से बढ़ाकर 40 लाख लीटर करने के लक्ष्य पर बिहार सरकार काम कर रही है।

    Share:

    वी. मुरलीधरन ने कहा, केरल की जनता ने प्रदेश सरकार को क्लीन चिट नहीं दी

    Sun Dec 20 , 2020
    तिरुवनंतपुरम । केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन ने कहा कि केरल की जनता ने स्थानीय निकाय चुनावों के परिणामों से राज्य की वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार को क्लीन चिट नहीं दी है। उन्होंने कोझिकोड में रविवार को कहा कि चुनाव और जांच एजेंसियों के बीच कोई संबंध नहीं है। यह दावा करना सही […]
    सम्बंधित ख़बरें
  • खरी-खरी
    रविवार का राशिफल
    मनोरंजन
    अभी-अभी
    Archives
  • ©2024 Agnibaan , All Rights Reserved