भोपाल। राजस्थान में कांग्रेस के बाद अब भाजपा में भी गुटबाजी और अंतर्कलह के संकेत मिलने के बाद आलाकमान ने मप्र के सांसद और केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को गुटबाजी खत्म करने की जिम्मेदारी दी है। तोमर आज जयपुर में होने वाली भाजपा विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे और विधायकों के आक्रोश को थामने की कोशिश करेंगे।
राजस्थान में कांग्रेस की तर्ज पर पार्टी की गुटबाजी कहीं खुलकर सामने ना आ जाए इसे लेकर केंद्रीय संगठन सतर्क दिखाई दे रहा है। यही वजह है कि विधानसभा के महत्वपूर्ण सत्र से पहले स्थितियों को संभालने की कवायद हो रही है।
इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि आज राजस्थान में बुलाई गई विधायक दल की बैठक में केंद्रीय स्तर के नेताओं की भी मौजूदगी रहेगी। राजस्थान भाजपा की संभावित अंतर्कलह से पार पाने के लिए केंद्रीय संगठन से जुड़े कई नेता भी विधायक दल की बैठक में शामिल रहेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देश पर केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर को खासतौर से प्रदेश भाजपा की अंदरूनी हलचलों को देखते हुए भेजा जा रहा है। वहीं राष्ट्रीय महामंत्री मुरलीधर राव, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री वी सतीश और प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना की भी विधायक दल बैठक में मौजूदगी रहेगी। इससे पहले राज्य सभा सांसद ओम माथुर जयपुर में ही रहकर पार्टी की हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं।
वन-टू-वन होंगे रूबरु
जानकारी के अनुसार केंद्र से राजस्थान पहुंच रही ‘टीम नड्डा’ अलग-अलग गुटों में बंटती दिखाई पड़ रही भाजपा को एकजुट करने की कोशिश में रहेंगे। इसके लिए वे विधायक दल की बैठक से अलग भाजपा विधायकों से वन-टू-वन चर्चा भी कर सकते हैं। इस दौरान विधायकों की नाराजगी को टटोलकर उन्हें शांत किये जाने की कवायद रहेगी।
©2024 Agnibaan , All Rights Reserved