• img-fluid

    MR-10 फोर लेन ओवरब्रिज को 8 लेन में करेंगे परिवर्तित… 82 करोड़ होंगे खर्च

  • August 27, 2024

    • मुख्यमंत्री से सिंहस्थ मद में मांगी राशि, प्राधिकरण ने बीओटी पर बनवाया था ब्रिज, कुछ समय पूर्व टोल वसूली हुई बंद… नाका भी तोड़ा

    इंदौर (Indore)। एमआर-10 पर प्राधिकरण आईएसबीटी का निर्माण कर रहा है, जो अंतिम चरण में है। वहीं कई साल पहले बीओटी पर रेलवे लाइन के ऊपर फोरलेन ओवरब्रिज का निर्माण भी करवाया था। लगभग 17 साल तक टोल वसूली के बाद मियाद खत्म होने के चलते यह टोल नाका बंद हो गया, जिसे प्राधिकरण ने तुड़वाकर रोड को समतल भी कर दिया है। अब वर्तमान में जो फोरलेन का ओवरब्रिज है उसके समानांतर एक और फोरलेन निर्मित किया जा सकता है, जिसके चलते 8 लेन पर से यातायात गुजरेगा। अभी इंदौर-उज्जैन के अलावा सुपर कॉरिडोर, एयरपोर्ट सहित अन्य क्षेत्रों का आवागमन इस फोरलेन ओवरब्रिज से बढ़ गया है। एक और अतिरिक्त फोरलेन ब्रिज के निर्माण पर 82 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान लगाया गया है और सिंहस्थ मद से इस राशि की मांग मुख्यमंत्री से की गई है। इस संबंध में मंत्री और सांसद ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी पत्र सौंपा गया है।

    अभी शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर आए और रात्रि विश्राम भी किया और अगले दिन रविवार को भी आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद दोपहर को अमझेरा के लिए रवाना हुए। इसी दौरान जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने एमआर-10 पर निर्मित ओवरब्रिज के समानांतर एक और नए फोरलेन ओवरब्रिज के निर्माण की मांग करते हुए सिंहस्थ मद से उसकी राशि देने का अनुरोध किया। इस दौरान सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक गोलू शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे। श्री सिलावट का कहना है कि उनकी विधानसभा सांवेर में प्राधिकरण द्वारा सिंहस्थ के मद्देनजर कई कार्य करवाए जा रहे हैं। वहीं योजना क्रमांक 139 में एमआर-10 पर जो वर्तमान में फोरलेन ओवरब्रिज बना है उसके समानांतर एक और ऐसा ही ओवरब्रिज अगर बन जाए तो 8 लेन पर यातायात गुजरने लगेगा, क्योंकि अभी इस ओवरब्रिज पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। इस नए ओवरब्रिज के निर्माण पर लगभग 82 करोड़ रुपए का खर्च संभावित है और अगर सिंहस्थ मद से यह राशि मिल जाती है तो प्राधिकरण इसका निर्माण कर सकता है।


    वहीं केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को श्री सिलावट ने पत्र लिखा और इस अतिरिक्त फोरलेन ओवरब्रिज के अलावा एमआर-12 की रेलवे लाइन पर भी ओवरब्रिज बनाने की मंजूरी पश्चिमी क्षेत्र रेलवे विभाग से शीघ्र दिलवाने का अनुरोध भी किया। केंद्रीय रेल मंत्री को लिखे इस पत्र में कहा गया कि मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव की मंशा के अनुसार सिंहस्थ 2028 को दृष्टिगत रखते हुए प्राथमिकता के तौर पर इंदौर विकास प्राधिकरण के माध्यम से नगर विकास योजना के तहत लवकुश चौराहे से इंदौर बायपास तक लगभग 9.5 कि.मी. लंबाई में 60 मीटर चौडी एम.आर.-12 सडक़ निर्माण के साथ-साथ योजना क्रमांक 139 में एम.आर. 10 पर पूर्व निर्मित आर.ओ.बी. के समानांतर 4 लेन आर.ओ.बी. निर्माण का कार्य प्रांरभ करने का निर्णय लिया गया है। एम.आर.-12 सडक़ के निर्माण से लवकुश चौराहे पर आने वाले भारी वाहनों की निकासी क्रमश: ए.बी. रोड़ एवं बायपास पर संभव हो सकेगी। इसके साथ ही एम.आर.-10 सडक़ एयरपोर्ट एवं उज्जैन रोड़ को बायपास से जोडऩे वाली महत्वपूर्ण सडक़ होने से इस पर भी यातायात का काफी दबाव रहता है। एम.आर 10 पर पूर्व निर्मित 4 लेन आर.ओ.बी. के समानांतर 4 लेन आर.ओ.बी. के निर्माण से शहर का यातायात सुगम हो सकेगा।

    Share:

    अब इंदौर की बजाय भोपाल में होगी ग्लोबल इन्वेस्टर समिट

    Tue Aug 27 , 2024
    18 सालो में दूसरी बार ऐसा कि शहर से बाहर होगी इन्वेस्टर समिट साल 2025 में दो दिवसीय इन्वेस्टर समिट 7 – 8 फरवरी को इंदौर, प्रदीप मिश्रा। एमपीआईडीसी यानी मध्यप्रदेश इंडस्ट्री डेवलपमेंट कार्पोरेशन (Madhya Pradesh Industry Development Corporation) मतलब औद्योगिक विकास केंद्र के मुख्य कार्यालय के अनुसार 2 दिवसीय ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट अगले साल […]
    सम्बंधित ख़बरें
  • खरी-खरी
    शुक्रवार का राशिफल
    मनोरंजन
    अभी-अभी
    Archives
  • ©2024 Agnibaan , All Rights Reserved