• img-fluid

    मप्रः महाशिवरात्रि पर भोले के जयकारे से गूंजा पूरा राज्य : मंत्री उषा ठाकुर

  • March 02, 2022

    – “महादेव उत्सव- शिव सत्य की कला अभिव्यक्तियाँ का 9 प्रमुख शहरों में हुआ आयोजन
    – ॐ नमः शिवाय के जप के साथ प्रदेश में सुख, समृद्धि ओर विकास की कामना

    भोपाल। संस्कृति, पर्यटन और अध्यात्म मंत्री उषा ठाकुर (Minister Usha Thakur) ने बताया कि महाशिवरात्रि पर्व (mahashivratri festival) पर जय भोले के जयकारों के साथ भगवान शिव की भक्ति में डूबकर पूरा प्रदेश शिवमय हो उठा। मंगलवार को महादेव का यह पर्व प्रदेश में उत्साह और उल्लास पूर्वक मनाया गया।


    मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंशा अनुसार संस्कृति विभाग द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों में ‘महादेव उत्सव’ का आयोजन किया गया। इसमें भजन संध्या, भक्ति गायन, नृत्य और नृत्य नाटिका की प्रस्तुति से भगवान शिव को श्रद्धा और भक्ति सुमन अर्पित किए गए। पूरे प्रदेश के शिवालय में सुबह से ही शिव भक्तों ने ॐ नमः शिवाय के जप के साथ प्रदेश में सुख, समृद्धि और विकास की कामना की।

    प्रदेश में शिव आराधना के 9 प्रमुख शहरों में संस्कृति विभाग ने शिव-सत्य की कला अभिव्यक्तियाँ -“महादेव उत्सव” मनाया। महू इंदौर, कुंडेश्वर धाम टीकमगढ़, त्रिवेणी कला संग्रहालय उज्जैन, सिद्धनाथ मंदिर पन्ना, भोजपुर मंदिर, आमखेड़ाकालू विदिशा, पशुपतिनाथ मंदिर मंदसौर, ओंकारेश्वर और महेश्वर में स्थानीय प्रशासन के सहयोग से आमजन के साथ महादेव उत्सव मनाया गया। इस दौरान भगवान शिव को समर्पित विभिन्न प्रकार की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और बौद्धिक गतिविधियाँ आयोजित की गई। इस ओजपूर्ण और भक्तिमय आयोजन में संबंधित जिलों के जन-प्रतिनिधि, अधिकारी, स्थानीय प्रशासन और बड़ी संख्या में आमजन साक्षी बने।

    भोजपुर मंदिर में भगवान शिव को समर्पित लोक गायन की प्रस्तुति
    महादेव उत्सव का तीन दिवसीय आयोजन का शुभारंभ प्रसिद्ध शिव मंदिर भोजपुर में किया गया। भोपाल के आशाराम शर्मा एवं साथियों ने भगवान शिव को समर्पित लोक गायन की प्रस्तुति से समारोह की शुरुआत की। इसके बाद दिल्ली के निशांत-प्रशांत मलिक ने भक्ति गायन से माहौल को शिवमय कर दिया। इसी क्रम में दिल्ली की संगीता शर्मा एवं ग्रुप द्वारा शिव केंद्रित नृत्य नाटिका की आकर्षक प्रस्तुति दी गयी। दिन की अंतिम प्रस्तुति सागर के जुगलकिशोर नामदेव एवं साथियों द्वारा बधाई और बरेदी लोक नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया।

    समारोह के दूसरे दिन बुधवार को उज्जैन के कृष्णा वर्मा एवं साथियों द्वारा मटकी लोक नृत्य, मुंबई की संध्या पूरेचा एवं साथियों द्वारा ओम शिव सर्वमयम और दिल्ली की तृप्ति शाक्या एवं साथियों द्वारा भक्ति गायन की प्रस्तुति दी जाएगी। उत्सव के अंतिम दिन अखिल भारतीय कवि सम्मेलन होगा, जिसमें नई दिल्ली के डॉ. कुमार विश्वास, नोएडा की शिखा दीप्ति, शंभू शिखर, भोपाल के मदन मोहन समर और धार के संदीप शर्मा काव्य पाठ करेंगे। साथ ही शासकीय ललित कला संस्थान जबलपुर द्वारा शिव केंद्रित चित्रांकन पर चित्रांकन शिविर का आयोजन भी किया जाएगा।

    शिव महिमा भक्ति संगीत में डूबा महू
    महू में चक्की वाले महादेव मंदिर, हाट मैदान में प्रयागराज की तृप्ति शाक्य और साथियों द्वारा शिव महिमा भक्ति संगीत से दर्शकों का मन मोह लिया। इसके बाद नई दिल्ली के राकेश साईबाबू और साथियों द्वारा भरतनाट्यम एवं छाऊ नृत्य शैली में ‘महेश्वरा’ और हरदा के लक्ष्मी नारायण एवं साथियों द्वारा काठी नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। साथ ही चित्रकार अमोल पवार के उज्जैन स्थित 84 महादेवों के जलरंग चित्रों की प्रदर्शनी का भी आमजन ने अवलोकन किया।

    कुंडेश्वर धाम में शिव को समर्पित नृत्य नाटिका
    टीकमगढ़ के कुंडेश्वर धाम में भगवान शिव की लीलाओं पर आधारित नृत्य नाटिका की प्रस्तुति हुई। नृत्य निर्देशक संजय महाजन के निर्देशन में बड़वाह के नटेश्वर नृत्य संस्थान के कलाकारों के सहज अभिनय ने भगवान शिव के रूप को साकार किया। इसी क्रम में जबलपुर की संजो बघेल ने शिव को समर्पित लोक गीत गायन और रीवा के संतोष तिवारी एवं साथियों द्वारा रेवावृंद गायन की सुरमयी प्रस्तुति दी गयी।

    उज्जैन में बना दीप प्रज्जवलन का रिकॉर्ड
    महाकाल की नगरी उज्जैन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में ‘शिव ज्योति अर्पणम महोत्सव’ में 11.71 लाख दीप प्रज्जवलित कर रिकॉर्ड बनाया गया। साथ ही त्रिवेणी कला संग्रहालय में महादेव समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में भगवान शिव पर आधारित व्याख्यान, चित्रांकन शिविर, नृत्य नाटिका, समूह नृत्य, भक्ति गायन और लोक गायन की प्रस्तुति दी गई।

    शिव महिमा- बुंदेली लोक गायन से गूँजा पन्ना

    पन्ना के अगस्त्य मुनि आश्रम सिद्धनाथ मंदिर में महादेव समारोह के दौरान शिव महिमा बुंदेली लोक गायन से पूरा प्रांगण गूँज उठा। बालाघाट की मुस्कान चौरसिया एवं साथियों ने शिव को समर्पित भक्ति गायन की प्रस्तुति दी। इसके बाद उड़ीसा के चंद्रमणि प्रधान एवं साथियों द्वारा गोतीपुआ नृत्य, डिंडौरी के तुलेश्वर एवं साथियों द्वारा गुड़ुमबाजा नृत्य और रायसेन के गया प्रसाद प्रजापति एवं साथियों द्वारा बुंदेली लोक गायन की मनमोहक प्रस्तुति दी गई।

    विदिशा में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की संयोजित प्रस्तुतियाँ
    विदिशा की ग्राम पंचायत आमखेड़ा कालू में महाशिवरात्रि पर महादेव उत्सव के पहले दिन आगर मालवा के मांगीलाल कुलश्रेष्ठ एवं साथियों द्वारा मालवी लोक गायन की सुरमयी प्रस्तुति दी गई। अगले क्रम में भोपाल की कला समिति द्वारा अर्द्धनारीश्वर नृत्य नाटिका और भोपाल के के. दामोदर राव वाणी राव एवं साथियों द्वारा शिव को समर्पित भक्ति गायन की प्रस्तुति से दर्शक मोहित हो उठे। पूरा प्रांगण शिव के जयकारों से गूंज उठा।

    उत्सव के दूसरे और अंतिम दिन कोलकाता के देबजानी बसु और साथियों द्वारा कथक नृत्य शैली में शिव स्तुति और भोपाल के सूर्य प्रकाश श्रीवास्तव एवं साथियों एवं अखिलेश तिवारी और साथियों द्वारा भक्ति गायन किया जाएगा। महाशिवरात्रि के दिन ललित कला संस्थान ग्वालियर के कलाकारों द्वारा भगवान शिव पर केन्द्रित चित्रांकन शिविर लगा।

    ओम शिव सर्वमयम भरतनाट्यम की प्रस्तुति
    मंदसौर के प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर परिसर में मुंबई की संध्या पुरेचा एवं साथियों द्वारा भगवान शिव पर केन्द्रित भरतनाट्य नृत्य शैली ओम शिव सर्वमयम की ओजपूर्ण प्रस्तुति दी गई। भोपाल की कीर्ति दुबे एवं साथियों और मंदसौर की सुगनदेवी एवं साथियों द्वारा शिव महिमा भक्ति गायन ने दर्शको को शिव भक्ति में झूमने को मजबूर कर दिया। शासकीय ललित कला संस्थान धार के कलाकारों द्वारा भगवान शिव पर आधारित चित्रांकन शिविर और प्रदर्शनी को भी दर्शकों ने खूब सराहा।

    शिव भक्ति गायन से गूँजा देवी अहिल्या महेश्वर घाट
    अनुजा विनय रामदासन के सुरमयी शिव भक्ति गायन से प्रसिद्ध देवी अहिल्या घाट गूँज उठा। पार्श्वनाथ उपाध्याय की भरतनाट्यम समूह नृत्य की ओजपूर्ण प्रस्तुति और हेमंत चौहान के शिव भक्ति संगीत के गायन ने आमजन को शिव भक्ति से सरोबार किया। (एजेंसी, हि.स.)

    Share:

    बुधवार का राशिफल

    Wed Mar 2 , 2022
    युगाब्ध-5123, विक्रम संवत 2078, राष्ट्रीय शक संवत-1943 सूर्योदय 06.36, सूर्यास्त 06.09, ऋतु – बसंत   फाल्गुन कृष्ण पक्ष अमावस्या, बुधवार, 02 मार्च 2022 का दिन आपके लिए कैसा रहेगा। आज आपके जीवन में क्या-क्या परिवर्तन हो सकता है, आज आपके सितारे क्या कहते हैं, यह जानने के लिए पढ़ें आज का भविष्यफल।   मेष राशि […]
    सम्बंधित ख़बरें
  • खरी-खरी
    शुक्रवार का राशिफल
    मनोरंजन
    अभी-अभी
    Archives
  • ©2024 Agnibaan , All Rights Reserved