भोपाल। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में दिसम्बर अंत तक सभी पात्र नागरिकों को वैक्सीनेट करने के उद्देश्य से बुधवार को कोविड टीकाकरण महाअभियान (vaccination campaign) चलाया गया। इस महाअभियान में सुबह से प्रदेश के 12 हजार 160 टीकाकरण केन्द्र पर वैक्सीन लगवाने के लिये लोगों का आना लगातार जारी रहा। शाम 8 बजे तक 15 लाख 79 हजार 432 व्यक्तियों को वैक्सीन लगाई गई।
जनसम्पर्क अधिकारी महेश दुबे ने बताया कि दिसम्बर अंत तक प्रदेश के 18 वर्ष से अधिक आयु के शत-प्रतिशत व्यक्तियों को कोविड टीके की दोनों डोज लगाने के लक्ष्य को पाने के लिये कोविड टीकाकरण महाअभियान जारी रहेगा। अब तक प्रदेश में 8 करोड़ 80 लाख 61 हजार 615 कोविड वैक्सीन की डोज लगाई गई हैं। इनमें 5 करोड़ 12 लाख 16 हजार 211 पहली डोज और 3 करोड़ 68 लाख 45 हजार 404 दूसरी डोज हैं।
प्रदेश में 178 नए ऑक्सीजन संयंत्र प्रारंभ
कोरोना की संभावित तीसरी लहर के मद्देनजर प्रदेश में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। प्रदेश में मेडिकल ऑक्सीजन की प्रचुर उपलब्धता के लिए 178 नए ऑक्सीजन संयंत्र प्रारंभ हो गए हैं। इनमें से 163 ने कार्य करना प्रारंभ कर दिया है, वहीं 15 संयंत्र शीघ्र क्रियाशील हो जाएंगे। प्रदेश में कुल 201 ऑक्सीजन संयंत्र स्वीकृत किए गए हैं। शेष की स्थापना का कार्य चल रहा है। (एजेंसी, हि.स.)
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved