जलगांव। केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे (Union Minister Raksha Khadse) की बेटी और उसकी कुछ सहेलियों को परेशान किए जाने के संबंध में रविवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। शुक्रवार रात जलगांव के कोथली गांव (Kothali village of Jalgaon) में संत मुक्ताई यात्रा के दौरान यह घटना हुई, जिसे लेकर मुक्ताईनगर थाने (Muktai Nagar police station) में रक्षा खडसे की शिकायत पर FIR दर्ज की गई। मुक्ताईनगर थाने के अधिकारी ने बताया कि प्राथमिकी में 7 लोग नामजद हैं, जिनमें से सोहम माली नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम गठित कर दी गई हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सातों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम के तहत पीछा करने और अन्य अपराधों को लेकर मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रावधान भी लगाए गए हैं, क्योंकि आरोपियों बिना अनुमति के लड़कियों की तस्वीरें लेने और वीडियो बनाने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा कि लड़कियों के साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने सात लोगों के नाम बताए।
‘तस्वीरें ली गईं और वीडियो भी बनाए’
इससे पहले दिन में, केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रक्षा खडसे ने कहा, ‘मैं गुजरात में थी। इसलिए मेरी बेटी ने कार्यक्रम में जाने की अनुमति मांगने के लिए मुझे फोन किया। मैंने उसे एक गार्ड और दो-तीन कर्मियों को साथ जाने को कहा। मेरी बेटी और उसकी सहेलियों का पीछा किया गया। उन्हें धक्का दिया गया। उनकी तस्वीरें ली गईं और वीडियो भी बनाए गए। जब मेरे कर्मियों ने आपत्ति जताई, तो लड़कों ने अनुचित व्यवहार किया और 30- 40 लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।’
रक्षा खडसे ने कहा कि जब वह आज सुबह घर लौटीं तो उनकी बेटी ने उन्हें बताया कि उन्हीं लड़कों ने 24 फरवरी को सार्वजनिक कार्यक्रम में उसके साथ दुर्व्यवहार किया था। उन्होंने कहा, ‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि ऐसी घटनाएं किसी सांसद या केंद्रीय मंत्री की बेटी के साथ होती हैं, तो कल्पना कीजिए कि आम लोगों को क्या सहना पड़ता होगा।’ मंत्री ने कहा कि मुक्ताईनगर के कुछ स्थानीय लोगों ने उन्हें बताया कि ये लड़के स्कूल जाते समय लड़कियों को परेशान करते हैं। खडसे ने कहा, ‘मैंने मुख्यमंत्री और पुलिस उपाधीक्षक से बात की है।’ उन्होंने मांग की कि दोषियों को गिरफ्तार किया जाए।
सख्त कार्रवाई की जाएगी, बोले सीएम फडणवीस
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रायगढ़ में पत्रकारों से कहा, ‘रक्षा खडसे की बेटी को परेशान करने वाले लोग एक राजनीतिक दल से हैं। स्थानीय पुलिस ने उनमें से कुछ को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में मामला दर्ज किया है। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’ रक्षा खडसे के ससुर, पूर्व मंत्री व एनसीपी (एसपी) नेता एकनाथ खडसे ने कहा, ‘पुलिस को पहले भी इन लड़कों के खिलाफ कई शिकायतें मिल चुकी हैं, लेकिन कोई कारगर कदम नहीं उठाया गया। ये लड़के शातिर अपराधी हैं।’ उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ गए हैं और अपराधियों को पुलिस का कोई डर नहीं है। एकनाथ खडसे ने कहा, ‘लड़कियां शिकायत दर्ज कराने के लिए आगे नहीं आती हैं। माता-पिता चाहते हैं कि उनकी बेटियों के नाम का खुलासा नहीं किया जाए। हमने शिकायत की क्योंकि हमारे पास कोई विकल्प नहीं बचा था।’
एनसीपी (एसपी) नेता ने कहा, ‘मैंने पुलिस उपाधीक्षक और पुलिस महानिरीक्षक से बात की है। जब हम पहले थाने गए थे, तो हमें 2 घंटे तक बैठाए रखा गया। पुलिस ने हमें इस मुद्दे पर फिर से विचार करने के लिए कहा क्योंकि यह लड़कियों से संबंधित है। युवकों ने पुलिस के साथ भी मारपीट की है। इन लोगों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है।’ इस घटना पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने दावा किया कि महायुति सरकार में राज्य में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। उन्होंने कहा, ‘केंद्रीय मंत्री खडसे की बेटी के साथ गुंडों की ओर से छेड़छाड़ और सुरक्षा गार्ड को धक्का दिए जाने की घटना बेहद चिंताजनक है। यह दर्शाता है कि राज्य में महिलाएं और लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं।’
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved