उज्जैन। शहर में शक्रवार देर शाम 7:30 बजे से तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई और ओले भी गिरे। करीब 45 मिनट तक पूरे शहर में बादलों की गरज और बिजली की कड़क के साथ धुआंधार बारिश होती रही। मावठे कि इस बारिश से कहीं फसलों में फायदा तो कहीं नुकसान होने की संभावना है। धुआंधार बारिश के कारण शहर की सड़कें जलमग्न हो गई। इस दौरान कई घंटे तक शहर में बिजली भी गुल रही। एक जगह पुराना बरगद का पेड़ उखड़ गया।
वेधशाला अधीक्षक डॉ.आरती गुप्त ने बताया कि कल शुक्रवार को पश्चिम विक्षोभ एक्टिव होने के चलते उज्जैन शहर और जिले भर में बने स्ट्रांग सिस्टम के चलते मावठा गिरा। जिसका असर पूरे मध्य प्रदेश में भी देखने को मिला है। उन्होंने यह भी बताया कि कल रविवार 29 दिसंबर को पश्चिम विक्षोभ कमजोर होगा। उसके बाद क्षेत्र में दूसरे दौर की ठंडक की शुरुआत होगी। वैसे तो कल दिनभर बादल जमे हुए थे, लेकिन शाम 6 बजे से काले बादल घिरने लगे थे। कल शाम साढ़े 7 बजे के लगभग अचानक तेज हवाओं और बिजली की कड़क के साथ बारिश शुरु हो गई थी। इस दौरान शहर में कई जगह चने के आकार के ओले भी गिरे। पौन घंटे तक धुआंधार पानी बरसता रहा। बारिश शुरु होते ही एमआर-5 मार्ग सहित आसपास के कई ईलाकों की बिजली गुल हो गई थी। लगभग 3 घंटे तक उक्त क्षेत्र के अलावा कई ईलाकों में अंधेरा छाया रहा। रात में भी 3 से 4 बार बिजली गुल हुई। आज सुबह भी रूकरूक कर पानी बरस रहा था। सुबह भी पूरे शहर की सड़कें भीगी नजर आ रही थी। बादलों के कारण कल न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री तथा अधिकतम तापमान 29 डिग्री पर पहुंच गया था। आज सुबह न्यूनतम तापमान करीब 1 डिग्री घटकर 17.2 डिग्री पर आ गया था। वेधशाला में कल शाम से लेकर आज सुबह तक 31 मिमी अर्थात 1.22 इंच बारिश रिकार्ड हुई।
इंदिरा नगर में पेड़ गिरा…
कल देर शाम हुई तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के कारण इंदिरा नगर स्थित अनरकेश्वर महादेव मंदिर परिसर स्थित पुराना बरगद का पेड़ गिर गया। हालांकि इससे कोई जनहानि नहीं हुई। समीप का एक भवन का कुछ भाग क्षतिग्रस्त हुआ। शहर में अन्य स्थानों पर भी कई जगह पेड़ की टहनियां तेज हवाओं में गिरने की सूचना लोगों ने नगर निगम कंट्रोल रूम पर दी है।
सड़कों पर पानी भरा, आवागमन प्रभावित
कल शाम करीब 7:30 से शुरू हुआ बारिश का दौर तेज हवाओं के साथ लगभग पौन घंटे चला। तेज बारिश के कारण आगर रोड, चामुंडा माता चौराहा, एटलस चौराहा, कमरी मार्ग, गदा पुलिया, फ्रीगंज क्षेत्र में कई स्थानों पर सड़कों पर पानी भर गया। इसके कारण आवागमन प्रभावित हुआ। कल पौन घंटे हुई तेज बारिश ने शहर में नालों की साफ-सफाई की पोल खोलकर रख दी। आज सुबह भी कई जगह सड़कों पर पानी भरा हुआ था।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved