• img-fluid

    रीवा में बनेगा कोल भवन कोलगढ़ी में जीर्णोद्धार कार्य के साथ भगवान बिरसा मुंडा और शबरी माता की प्रतिमा लगेगी

  • June 09, 2023
    • कोलगढ़ी का जीर्णोद्धार शुरू करके कोल समाज को मान,सम्मान और स्वाभिमान दिया गया है – मुख्यमंत्री
    • भू अधिकार पत्र प्राप्त करने वाले कोल भाइयों को आवास की भी सुविधा मिलेगी – मुख्यमंत्री
    रीवा, विवेक तिवारी।  रीवा जिले के त्योंथर में विशाल कोल जनजातीय सम्मेलन आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में अपना उद्बोधन देते हुए कहा कि कोलगढ़ी के जीर्णोद्धार का शुभारंभ करके कोल समाज को मान, सम्मान और स्वाभिमान दिया गया है। आज का दिन त्योंथर के लिए ऐतिहासिक दिन है। कोलगढ़ी के जीर्णोद्धार के लिए 3 करोड़ से अधिक रुपए मंजूर किए गए हैं। कोलगढ़ी में भगवान बिरसा मुंडा और माता शबरी की प्रतिमा लगाई जाएंगी तथा टमस नदी में घाट का निर्माण कराया जाएगा। रीवा में कोल भवन का निर्माण कराया जाएगा, जहां कोल समाज के बच्चों को रहने की सुविधा मिलेगी।
    मुख्यमंत्री  चौहान ने कहा कि आज तीन हजार से अधिक हितग्राहियों को भू-अधिकार पत्र प्रदान किए गए हैं। इन्हें आवासीय अधिकार पत्र के साथ-साथ आवास की भी सुविधा दी जाएगी। कल का दिन प्रदेश के लिए ऐतिहासिक दिन होगा। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना से लाभान्वित प्रदेश की एक करोड़ 25 लाख से अधिक बहनों के खाते में एक-एक हजार रुपए की राशि जारी की जाएगी। प्रत्येक ग्राम पंचायत और नगर के प्रत्येक वार्ड में लाड़ली उत्सव का आयोजन होगा। कल का दिन महिलाओं के लिए स्वर्णिम युग प्रारंभ होने जैसा है। किसानों के लिए 13 जून को ब्याज माफी की राशि अंतरित की जाएगी। साथ ही किसान सम्मान निधि की राशि भी किसानों को जारी की जाएगी। इसी दिन किसानों को फसल बीमा योजना की 2300 करोड़ रुपए की राशि भी जारी की जाएगी। मेरा जीवन गरीबों की सेवा के लिए है। मैं जिऊंगा आपके लिए और मरूंगा भी आप ही के लिए।
    मुख्यमंत्री ने जनजातीय सम्मेलन में हितग्राहियों को भू अधिकार पत्र प्रदान किए। इसके पूर्व मुख्यमंत्री  ने कोलगढ़ी के जीर्णोद्धार तथा त्योंथर उद्वहन सिंचाई परियोजना का भूमि पूजन किया। मुख्य समारोह स्थल में पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने कन्या पूजन करके बेटियों का सम्मान किया। उन्होंने माता शबरी तथा भगवान बिरसा मुंडा को पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने आमजनों के बीच जाकर संवाद किया तथा हितग्राहियों पर पुष्पवर्षा करके उनका अभिनंदन किया। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष के साथ लाड़ली बहना योजना की सेल्फी ली। समारोह स्थल में मुख्यमंत्री  का कोल समाज के लोकनृत्य कोलदहका तथा गुदुम बाजा लोक नृत्य से स्वागत किया गया। समारोह के बाद मुख्यमंत्री ने जन अभियान परिषद की प्रस्फुटन समिति के सदस्यों तथा मुख्यमंत्री जनसेवा मित्रों से संवाद कर विकास योजनाओं के संबंध में चर्चा की।

    समारोह में सांसद रीवा  जनार्दन मिश्र ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने टंट्या भील और रानी कमलापति जैसे जनजातीय नायकों के स्मारक बनवाए। अब उन्होंने कोलगढ़ी के जीर्णोद्धार का भूमि पूजन करके इस पूरे क्षेत्र को बहुत बड़ी सौगात दी है। जनजातीय भाइयों की चिंता करने वाला मुख्यमंत्री जैसा और कोई नहीं है। सम्मेलन में विधायक त्योंथर श्यामलाल द्विवेदी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कोलगढ़ी के ऐतिहासिक महत्व का वर्णन करते हुए इसके जीर्णोद्धार के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने चौरा घाट के निर्माण तथा नीर गहरी घाट में पुल निर्माण एवं रायपुर सोनौरी में तहसील बनाने की मांग रखी। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल ने कहा कि आज त्योंथर के लिए खुशियों भरा ऐतिहासिक दिन है। कोलगढ़ी के जीर्णोद्धार की कोल समाज की वर्षों पुरानी मांग आज मुख्यमंत्री ने पूरी कर दी है।
    समारोह में विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम, जनजातीय कार्य मंत्री सुश्री मीना सिंह, मध्यप्रदेश कोल प्राधिकरण के अध्यक्ष  रामलाल रौतेल, सांसद सतना  गणेश सिंह, विधायक गुढ़ नागेंद्र सिंह, विधायक सिरमौर  दिव्यराज सिंह, विधायक रीवा  राजेंद्र शुक्ल, विधायक मऊगंज प्रदीप पटेल, विधायक सेमरिया  के पी त्रिपाठी, विधायक व्यौहारी  शरद कोल, जिला पंचायत अध्यक्ष सतना रामखेलावन कोल, जिला उपाध्यक्ष रीवा प्रणव प्रताप सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह तथा हजारों आमजन उपस्थित रहे। समारोह में कमिश्नर अनिल सुचारी, एडीजीपी केपी व्यंकटेश्वर राव, कलेक्टर प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह,व जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सौरव सोनवणे, अपर कलेक्टर नीलमणि अग्निहोत्री तथा अन्य अधिकारीगण, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, पत्रकारगण भी उपस्थित रहे।

    Share:

    रीवा: मुख्यमंत्री ने किया कोलगढ़ी के संरक्षण एवं जीर्णोद्धार कार्य का भूमिपूजन

    Fri Jun 9 , 2023
    आदिवासी कोल राजाओं के शान के प्रतीक कोलगढ़ी का 324.70 लाख रुपए से होगा जीर्णोद्धार मुख्यमंत्री ने त्योंथर सूक्ष्म सिंचाई परियोजना की दी सौगात रीवा, विवेक तिवारी। मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने वैदिक रीति से विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन कर त्योंथर में कोलगढ़ी के संरक्षण एवं जीर्णोद्धार कार्य का भूमिपूजन किया। आदिवासी कोल राजाओं द्वारा […]
    सम्बंधित ख़बरें
  • खरी-खरी
    रविवार का राशिफल
    मनोरंजन
    अभी-अभी
    Archives
  • ©2024 Agnibaan , All Rights Reserved