• img-fluid

    शिवराज के पीछे कमलनाथ, सिंधिया के पीछे सिद्धू

  • October 23, 2020

    • कांग्रेस की प्रचार रणनीति: भाजपा के दो स्टार प्रचारकों के जवाब में कांग्रेस के दो चेहरे

    भोपाल। उपचुनाव का प्रचार अब आक्रामक दौर में पहुंच गया है। इस दौर में भाजपा और कांग्रेस रणनीति बनाकर स्टार प्रचारकों की घेरेबंदी कर रही हैं। कांग्रेस की प्रचार रणनीति के तहत भाजपा के दो स्टार प्रचारकों मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को कांग्रेस के दो चेहरे कमलनाथ और नवजोत सिंह सिद्धू जवाब देंगे। यानी शिवराज के पीछे कमलनाथ और सिंधिया के पीछे सिद्धू को लगाया गया है। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि पार्टी ने खास रणनीति बनाकर भाजपा के दोनों स्टार प्रचारकों को कांग्रेस ने चिन्हित कर लिया है। दोनों जहां-जहां सभा कर लौटेंगे। पीछे-पीछे कांग्रेस अपने दो स्टार प्रचारकों को भेजेगी। जहां-जहां शिवराज जा रहे हैं उनके पीछे सभा करने कमल नाथ जाएंगे, जबकि सिंधिया के पीछे कांग्रेस के स्टार प्रचारक नवजोत सिंह सिद्धू सभा लेने पहुंचेंगे।

    भोपाल में बनाया प्रदेश स्तरीय वार रूम
    कांग्रेस ने चुनाव के लिए भोपाल में प्रदेश स्तरीय वार रूम बनाया है। प्रचार अभियान में तय किया गया है कि मुख्यमंत्री के सामने पूर्व मुख्यमंत्री को रखा जाए। सिंधिया के जवाब में सिद्धू का नाम तय किए जाने के पीछे कारण सिंधिया की बदली हुई भाषण शैली को बताया जा रहा है। कांग्रेस का कहना है सिंधिया अपने भाषण में अभिनय की शैली अपना रहे हैं। लिहाजा उनके जवाब में वैसे ही स्टार प्रचारक को उतारा जा रहा है जो उनके डायलॉग की काट कर सके। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा की गई अशोभनीय टिप्पणी आइटम को लेकर यहां प्रदेश की सियासी राजनीति में बवाल मचा, वहीं भाजपा ने उसे तुरंत भुनाते हुए चुनावी मुद्दा बना लिया। वहीं राहुल गांधी ने इस बयान की निंदा भी कर दी। नतीजतन अब यह लगभग तय हो गया कि उपचुनाव में राहुल-प्रियंका प्रचार के लिए नहीं आएंगे। अब पायलट-सिद्धू या खुद नाथ को ही स्टार प्रचारक की जिम्मेदारी संभालना पड़ेगी। कांग्रेस के पास वैसे भी स्टार प्रचारकों का टोटा है और यह प्रयास किये जा रहे थे कि राहुल-प्रियंका को उपचुनावों के प्रचार प्रसार के लिए बुलाया जाए। मगर पिछले दिनों कमलनाथ द्वारा की गई टिप्पणी के चलते बवाल मच गया, भाजपा ने उसे तुरंत भुना भी लिया, वहीं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को सफाई देना पड़ी और आयोग से लेकर महिला आयोग ने भी इस मामले में संज्ञान लिया। दो दिन पहले राहुल गांधी ने कमलनाथ की टिप्पणी की निंदा की। हालांकि इस पर कमलनाथ ने यह कह दिया कि यह उनके विचार हैं। हालांकि वे पूर्व में भी अपनी टिप्पणी पर सफाई देते हुए खेद जता चुके हैं।

    प्रचार जोरों पर
    28 सीटों पर चुनाव प्रचार ने जोर पकड़ लिया है और भाजपा की और से तो लगातार हमले बोले जा रहे हैं। वहीं मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के अलावा प्रदेश अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री सहित अन्य स्टार प्रचारकों के लगातार दौरे हो रहे हैं। मुख्यमंत्री आए और तमाम केंद्रीय मंत्रियों से लेकर सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी अपनी पूरी ताकत झोंक दी है, लेकिन कांग्रेस के पास स्टार प्रचारकों का टोटा है। सूत्रों का कहना है कि कमलनाथ से नाराजगी के चलते राहुल और प्रियंका उपचुनावों के प्रसार के लिए नहीं आएंगे। अलबत्ता उनके बिहार में अवश्य दौरे रहेंगे। यह भी उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी राहुल गांधी अपनी नाराजगी कमलनाथ के प्रति जाहिर कर चुके हैं और यह भी कहा जा रहा है कि जब कांग्रेस सरकार का तख्ता पलटा जा रहा था, तब भी आलाकमान के साथ राहुल-प्रियंका ने भी कमलनाथ की कोई मदद नहीं की, बल्कि जब राजस्थान में यही स्थिति बनी तो सचिन पायलट से राहुल-प्रियंका ने मुलाकात कर उन्हें मना लिया, जबकि मप्र के मामले में ज्योतिरादित्य सिंधिया से इन दोनों ने कोई चर्चा नहीं की।

    Share:

    मप्र टूरिज्म का नया प्रवेश द्वार बनेगा श्योपुर

    Fri Oct 23 , 2020
    भोपाल। ऐतिहासिक, प्राकृतिक और सांस्कृतिक पर्यटन के अद्वितीय संगम वाले श्योपुर जिले को अब मध्यप्रदेश पर्यटन का नया प्रवेश द्वार बनाने की दिशा में एक नई कवायद की जा रही है। इसके लिए जिला पुरातत्व एवं पर्यटन परिषद द्वारा जिले के पर्यटन की कार्ययोजना बनाई गई है, वहीं अब आगामी नवंबर माह में एक विशेष […]
    सम्बंधित ख़बरें
  • खरी-खरी
    शुक्रवार का राशिफल
    मनोरंजन
    अभी-अभी
    Archives
  • ©2024 Agnibaan , All Rights Reserved