विदेश व्‍यापार

जापान की अर्थव्यवस्था में अप्रैल-जून तिमाही में रिकॉर्ड गिरावट दर्ज

नई दिल्‍ली/टोक्‍यो। दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्‍यवस्‍था जापन पर कोविड-19 की महामारी का गंभीर असर पड़ा है। जापान की अर्थव्यवस्था में अप्रैल-जून तिमाही में आर्थिक विकास दर (जीडीपी) में 27.8 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है, जो अभी तक की रिकॉर्ड गिरावट है। सरकार की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों में ये बात कही गई है।

सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक कोरोना वायरस महामारी की वजह से उपभोग तथा व्यापार बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जिससे अर्थव्यवस्था में जोरदार गिरावट दर्ज हुई है। कैबिनेट कार्यालय के मुताबिक जापान का समायोजित वास्तविक जीडीपी पहली तिमाही में 7.8 फीसदी घटा है। सालाना दर से तात्पर्य एक साल तक इस आंकड़े के जारी रहने से है।

1980 के बाद से सबसे बड़ी गिरावट

जापान के मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक ये ताजा गिरावट दूसरे विश्व युद्धके बाद से आई सबसे बड़ी गिरावट है लेकिन जापान के कैबिनेट कार्यालय ने बताया कि ये ताजा आंकड़े 1980 की तुलना के आधार पर तय किए गए हैं। इससे पहले जापानी अर्थव्यवस्था में सबसे बड़ी गिरावट 2009 में दर्ज हुई थी। यह 2008-09 के वैश्विक संकट का वक्‍त था।

उल्‍लेखनीय है कि दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था जापान पहले से ही प्रभावित होने लगी थी, जब पिछले साल के अंत में कोविड-19 (कोरोना वायरस) का प्रकोप हुआ था। यह गिरावट धीरे-धीरे बढ़ती गई जब कोविड-19 के मामलों में इजाफा हुआ और सोशल डिस्टेंसिंग के प्रतिबंधों के चलते आर्थिक गतिविधियों पर असर पड़ा है। हालांकि, जापान सरकार ने मई के अंत में देश में लागू लॉकडाउन को हटाना शुरू किया था। (एजेंसी हि.स.)

Share:

Next Post

मंगल कार्य में विघ्न डालने वाली भद्रा के बीच घर-घर विराजेंगे विघ्नहर्ता

Mon Aug 17 , 2020
भोपाल। इस वर्ष मंगल कार्य में विघ्न डालने वाली शनि की बहन भद्रा के बीच हस्त नक्षत्र में विघ्नहर्ता श्री गणेश घर-घर विराजेंगे। 10 दिनी गणेशोत्सव की शुरुआत 22 अगस्त को गणेश चतुर्थी पर होगी। इस मौके पर साध्य योग रहेगा। हालांकि कोरोना संक्रमण के चलते भक्तों के लिए भगवान गणेश के मंदिर बंद रहेंगे। […]