नई दिल्ली । जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) के पहलगाम (Pahalgam) में मंगलवार को आतंकी हमले (Terrorist Attacks) में भारतीय नौसेना (Indian Navy) के एक अधिकारी भी मारे गए हैं। इनकी पहचान लेफ्टिनेंट विनय नरवाल (Lt. Vinay Narwal) के तौर पर हुई जो कोच्चि में तैनात थे। वह हरियाणा के मूल निवासी हैं और उनकी उम्र 26 साल थी। बीते 16 अप्रैल को ही उनकी शादी हुई थी और पहलगाम घूमने के लिए गए थे। रक्षा अधिकारियों ने बताया कि पहलगाम में आज आतंकवादियों की गोलीबारी का वह शिकार हो गए।
पहलगाम आतंकी हमले में रायपुर के एक व्यवसायी की भी मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि व्यापारी की पहचान दिनेश मिरानिया के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की है। साथ ही, रायपुर के व्यवसायी की मौत पर दुख जताया है। राज्यपाल ने इस हमले का शिकार हुए व्यापारी दिनेश मिरानिया के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने ईश्वर से उनकी आत्मा की सद्गति व परिजनों को इस विकट परिस्थिति में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने राज्य प्रशासन को मृतक के परिजनों को हर संभव मदद करने के लिए निर्देशित किया है।
पहलगाम हमले में 26 लोगों की मौत
मुख्यमंत्री साय ने कहा, ‘दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।’ बता दें कि कश्मीर के पहलगाम शहर के निकट मिनी स्विटरलैंड नाम से मशहूर पर्यटन स्थल पर मंगलवार दोपहर आतंकवादी हमला हुआ। इसमें 26 लोगों की मौत हो गई, जिनमें ज्यादातर पर्यटक हैं। यह 2019 में पुलवामा में हुए हमले के बाद घाटी में हुआ सबसे घातक हमला है। एक अधिकारी ने बताया कि 26 मृतकों में दो विदेशी और दो स्थानीय निवासी हैं।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved