नई दिल्ली। गत चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स का सफर आईपीएल 2024 में लीग चरण में ही समाप्त हो गया है। टीम को अपने आखिरी ग्रुप चरण के मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से हार का सामना करना पड़ा था। चेन्नई और आरसीबी दोनों के एक समान 14 अंक थे, लेकिन आरसीबी की टीम बेहतर नेट रनरेट के आधार पर प्लेऑफ में जगह बनाने में सफल रही। माना जा रहा है कि सीएसके के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का यह अंतिम आईपीएल है और वह अब आगे इस टूर्नामेंट में नहीं खेलेंगे। इस पर अब सीएसके के एक अधिकारी का बयान सामने आया है जिसमें उन्होंने माही के संन्यास लेने की अटकलों को खारिज किया है।
धोनी संन्यास लेने की खबरों के बीच अपने घर रांची पहुंच गए हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, धोनी ने फिलहाल फ्रेंचाइजी को अपने भविष्य के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। उन्होंने टीम प्रबंधन से अंतिम निर्णय लेने से पहले कुछ महीने रुकने को कहा है। सूत्र ने कहा, धोनी फिलहाल सीएसके में किसी से भी आईपीएल छोड़ने के बारे में बात नहीं की है। उन्होंने टीम प्रबंधन से कहा है कि कोई भी निर्णय लेने से पहले वह कुछ महीनों का इंतजार करेंगे। उन्हें दौड़ने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई है जो उनके लिए अच्छी बात है।
इंपैक्ट प्लेयर नियम को लेकर इस सीजन काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था जिसमें रोहित शर्मा और विराट कोहली सहित कुछ खिलाड़ियों ने इस नियम पर सवाल खड़े किए थे। इंपैक्ट प्लेयर नियम भी धोनी के संन्यास लेने के फैसले में भूमिका निभा सकता है। अगर यह नियम आईपीएल में बना रहता है तो धोनी आगे भी खेल सकते हैं क्योंकि इससे वह टीम के साथ जुड़े रह सकते हैं। हालांकि, अगर इस नियम को खत्म किया जाता है तो धोनी के लिए आगे खेलना मुश्किल होगा। सीएसके के अधिकारी ने कहा, हम धोनी के बयान का इंतजार करेंगे। उन्होंने हमेशा टीम के सर्वश्रेष्ठ हितों को ध्यान में रखते हुए फैसले लिए हैं। देखते हैं आगे क्या होता है।
©2024 Agnibaan , All Rights Reserved