इन्दौर। महाशिवरात्रि (mahashivaratri) के अवसर पर आज अलसुबह से शहर के शिवालय (Shiva Temple) हर-हर महादेव (Har Har Mahadev) के जयकारों से गूंज उठे। भोलेनाथ (Bholenath) और माता पार्वती (Mother Parvati) के मंगल परिणय की महाशिवरात्रि पर आज सुबह से लेकर आधी रात तक शहर में उत्साह का माहौल छाया रहेगा। भजन संध्याओं के साथ फलाहारी भंडारे आयोजित किए जाएंगे।
शहर के मंदिरों में आज सुबह से अभिषेक-अनुष्ठान का सिलसिला शुरू हो गया, जो रात तक जारी रहेगा। शिवालयों में शिव विवाह उत्सव की धूम मची हुई है। भोलेनाथ को आज दूल्हे के रूप में सजाया जा रहा है और सायंकाल मंगल लग्न बैंड-बाजों की गूंज के साथ लगेंगे। कई स्थानों से भोलेनाथ की बरात और शिव यात्राएं भी निकाली जाएंगी। शहर के सभी शिवालय रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा रहे हैं। महाशिवरात्रि त्रिग्रही युति योग में मनाई जा रही है। यह पर्व आज खासतौर पर गणेश के प्रिय दिन बुधवार को और शताब्दी में एक बार बनने वाले योग में मनाया जा रहा है। शहर में विभिन्न स्थानों पर फलाहारी भंडारे होंगे।
इन मंदिरों में हुए अनुष्ठान और अभिषेक
शहर के प्राचीन बाणेश्वर महादेव मंदिर, नौलखा स्थित मनकामेश्वर मंदिर, पंचकुइया भूतेश्वर महादेव, जबरेश्वर महादेव राजबाड़ा, गांधी हॉल स्थित शिवालय, पशुपतिनाथ मंदिर बजरंगनगर, पार्वती तूकेश्वर महादेव, गुटकेश्वर मंदिर किला रोड, गेंदेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर परदेशीपुरा, अरण्यधाम संत आश्रम, बावड़ीवाले प्राचीन हनुमान मंदिर, खजराना गणेश मंदिर स्थित महाकालेश्वर मंदिर, हंसदास मठ, गीता भवन , श्री विद्याधाम, अन्नपूर्णा मंदिर, गुमाश्ता नगर शिवालय सहित अन्य मंदिरों में अनुष्ठान आयोजित किए गए।
पुत्र का दिन , माता-पिता का पूजन
बुधवार को श्रीगणेश पूजन किया जाता है, वहीं आज श्रवण के बाद घनिष्ठा नक्षत्र में परिध योग में मकर राशि में चंद्रमा की मौजूदगी में भोलेनाथ और माता पार्वती का पूजन होगा और विवाह रचाया जाएगा। खजराना गणेश मंदिर के पंडित अशोक भट्ट के अनुसार विशेष उत्सव शाम को मनाया जाएगा। आज मकर राशि में चंद्रमा की मौजूदगी में सूर्य, बुध व शनि की युति कुंभ राशि में रहेगी।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved