इंदौर। एक महिला की हत्या के बाद उसकी पहचान करते हुए उसे मारने वाले प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर हत्या के राज से पर्दा उठाया है। महिला पति को छोडक़र प्रेमी के साथ रहती थी। प्रेमी ने ही उसे मौत के घाट उतार दिया। महिला जान बचाने के लिए भागी, लेकिन एक मैदान में जाकर गिर गई और उसकी मौत हो गई।
महू पुलिस ने बताया कि खान कॉलोनी रेलवे पटरी के पास 17 जनवरी को सुनीता उर्फ काली पति संजय चंदले निवासी पीठ रोड की लाश मिली थी। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर मामले की पड़ताल की तो सामने आया कि सुनीता शराब पीने की आदी थी। वह अपने पति को छोडक़र किसी विकास नामक युवक के साथ रहती थी। घटना के बाद से ही विकास लापता हो गया। जैसे ही विकास को पुलिस ने गिरफ्तार किया और सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्या करना कबूल लिया। विकास का कहना है कि विवाद वाले दिन दोनों शराब के नशे में थे। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई और विकास ने सुनीता के साथ जमकर मारपीट की। उसके बाद वह जान बचाने के लिए घर से निकलकर भागी और रेलवे पटरी के पास जाकर बेसुध होकर गिर गई। रातभर वह वहीं पड़ी रही और सुबह उसकी मौत हो गई। उधर रात को विकास मौके से फरार हो गया था। उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर हत्या के राज से पर्दा उठाया।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved