इंदौर। इंदौर (Indore) की लोकप्रिय रंगपंचमी (Rangpanchami) की गेर (Gair) में इस बार सुरक्षा के खासे इंतजाम किए गए हैं। चैंपियंस ट्राफी के बाद महू में हुई हिंसा से सबक लेते हुए इस बार पुलिस और प्रशासन इंदौर में कोई भी कोताही बरतने के मूड में नहीं है। गेर के मार्ग और इंतजामों को लेकर अधिकारी लगातार दौरे कर रहे हैं और तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई है। इंदौर में परंपरागत रूप से निकलने वाली रंगपंचमी की गेरों के आयोजन की व्यापक तैयारियां जारी हैं। कलेक्टर आशीष सिंह (Collector Ashish Singh) ने अधिकारियों के दल के साथ गेर मार्ग का निरीक्षण किया। इंदौर में 19 मार्च रंगपंचमी के अवसर पर रंगारंग गेर निकलेंगी। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा, अपर पुलिस आयुक्त अमित सिंह, एडीएम रोशन राय सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर आशीष सिंह ने गेर मार्ग के निरीक्षण की शुरूआत टोरी कार्नर चौराहे से की। इसके बाद वे निर्धारित गेर मार्गों पर पहुंचे और उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जल्द से जल्द मार्ग की मरम्मत कर दें। विद्युत सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। विद्युत के तारों को आवश्यकता अनुसार ऊंचा करें। डीपी पर भी सुरक्षा के प्रबंध रखें। पूरे मार्ग पर सभी आवश्यक बंदोबस्त सुसुनिश्चित कर ली जाए। कार्यों में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाए। व्यवस्थाओं को समयसीमा में पूरा करें। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम रखें जाएं।
कलेक्टर सिंह ने बताया कि पूरे मार्ग पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा। बैरिकेटिंग की भी व्यवस्था रहेगी। आकस्मिक चिकित्सा के लिए भी प्रबंध किए जा रहे हैं। निर्धारित स्थानों पर एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहनों की व्यवस्था भी रहेगी। इस बार भी परिवारों और मेहमानों के लिए गेर मार्ग की चुनिंदा छतों पर बैठकर देखने की सुविधा जिला प्रशासन और नगर निगम करवाएगा। इसके लिए छतों की बुकिंग ऑनलाइन हो सकेगी। कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि पर्व को पूरी शालीनता से मनाने की तैयारी पूरी है। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से 200 से ज्यादा छतों पर व्यवस्था की जा रही है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved