
इंदौर। इंदौर-भोपाल वंदे भारत ट्रेन (Indore-Bhopal Vande Bharat Train) को जल्द खजुराहो तक बढऩे के आसार हैं। इस संबंध में जल्द फैसला लिया जा सकता है। देश की पहली सेमी-हाईस्पीड वंदे भारत ट्रेन मंगलवार को पहली बार इंदौर आएगी। स्टेशन पर इस फर्राटा ट्रेन के स्वागत के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। दोपहर दो बजे के आसपास ट्रेन के इंदौर पहुंचने की संभावना है। रेल प्रशासन इसे एक उत्सव की तरह मनाएगा। इसके लिए प्लेटफॉर्म-एक पर व्यापक तैयारियां की गई हैं और स्टेशन को सजाया गया है। शहर के जनप्रतिनिधियों के अलावा गणमान्य नागरिकों को वंदे भारत ट्रेन की अगवानी करने के लिए पत्र भेजकर आमंत्रित किया गया है। रानी-कमलापति-इंदौर वंदे भारत ट्रेन सीहोर, शुजालपुर, मक्सी और उज्जैन होते हुए इंदौर पहुंचेगी। इन सभी स्टेशनों पर ट्रेन का स्वागत किया जाएगा। सांसद शंकर लालवानी उज्जैन से ट्रेन में सवार होकर इंदौर आएंगे और फिर प्लेटफॉर्म-एक पर कार्यक्रम होगा।
स्कूली बच्चे भी करेंगे सफर
रानी कमलापति से मीडिया, जनप्रतिनिधियों, सोशल मीडिया इन्फ्लूएंजरों के अलावा स्कूली बच्चों को भी वंदे भारत में सफर करने का मौका मिलेगा। वे रानी कमलापति से सीहोर तक का सफर करेंगे। आठ कोच वाली वंदे भारत ट्रेन में बच्चों के लिए चार कोच विशेष रूप से आरक्षित किए गए हैं। इंदौर-भोपाल वंदे भारत को देश की सबसे कम दूरी वाली वंदे भारत ट्रेन बताया जा रहा है। यह ट्रेन 28 जून से नियमित रूप से चलेगी।
यह होगा टाइम टेबल
इंदौर-भोपाल वंदे भारत ट्रेन (20911) रविवार को छोडक़र हर सुबह 6.30 बजे इंदौर से चलकर सुबह 9.35 बजे भोपाल पहुंच जाएगी। वापसी में भोपाल-इंदौर वंदे भारत ट्रेन (20912) रात 7.25 बजे भोपाल से चलकर रात 10.30 बजे इंदौर आ जाएगी। इंदौर से भोपाल जाते समय ट्रेन सुबह 7.15 बजे उज्जैन पहुंचेगी और वहां पांच मिनट का ठहराव लेकर सुबह 7.20 बजे भोपाल की तरफ रवाना होगी। भोपाल से इंदौर आते समय वंदे भारत रात 9.30 बजे उज्जैन पहुंचेगी और पांच मिनट रुककर 9.35 बजे वहां से इंदौर के लिए रवाना होगी। ट्रेन फतेहाबाद होकर भोपाल का सफर तय करेगी।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved