लखनऊ। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने आतंक के आका पाकिस्तान के खिलाफ एक के बाद एक कड़ी कार्रवाई की है। भारत सरकार ने पाकिस्तानी नागरिकों को जारी वीजा को रद्द कर दिया है और उन्हें भारत छोड़ने का आदेश जारी किया है। वाघा सीमा पर बड़ी संख्या में पाकिस्तानी नागरिक वापस लौटते हुए दिखाई दे रहे हैं। अब उत्तर प्रदेश में भी पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। यूपी पुलिस ने ये जानकारी जानकारी सामने रखी है कि राज्य में कितने पाकिस्तानी नागरिक मौजूद हैं।
यूपी पुलिस ने प्रदेश में रह रहे पाकिस्तानियों को वापस पाकिस्तान भेजने की तैयारियां शुरू कर दी है। पुलिस के आला अधिकारियों के मुताबिक यूपी में करीब 1000 से 1200 पाकिस्तानी नागरिक है जिन्हें वापस भेजा जाएगा। सीनियर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी उन्हें केंद्र सरकार का आदेश नही मिला है,जब आदेश मिल जाएगा तो पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजने की कार्रवाई शुरू होगी।
पाकिस्तान के खिलाफ जारी कार्रवाई के बीच भारत के गृह मंत्री अमित शाह ने भी सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को फोन किया है। उन्होंने मुख्यमंत्रियों से अपने-अपने राज्य में पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान करने और उन्हें वापस भेजने का निर्देश दिया है। अमित शाह ने मुख्यमंत्रियों से कहा है कि पाकिस्तानी लोगों की शीघ्र पाकिस्तान वापसी सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाने जाए।
भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से जारी किए गए निर्देश के मुताबिक, भारत सरकार ने पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा को तत्काल प्रभाव से रद्द करने का फैसला किया है। पाकिस्तानी नागरिकों को जारी किए गए सभी मौजूदा वैध वीजा 27 अप्रैल 2025 से रद्द कर दिए जाएंगे। वहीं, पाकिस्तानी नागरिकों को जारी किए गए मेडिकल वीजा सिर्फ 29 अप्रैल 2025 तक वैध होंगे। भारत में जो भी पाकिस्तानी हैं उन्हें संशोधित वीजा की अवधि खत्म होने से पहले भारत छोड़ना पड़ेगा।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved