• img-fluid

    हाथ का साथ नहीं भूले माननीय

  • November 02, 2020

    • उपचुनाव का रंग: दल बदल लिया पर जुबान से नहीं उतरी पुरानी पार्टी

    भोपाल। मप्र में 28 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव का प्रचार थम गया है। लेकिन चुनाव प्रचार के दौरान अजब-गजब नजारे देखने को मिले। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेता प्रचार के दौरान कई बार यह भूल गए कि वे किसके लिए वोट मांग रहे हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया से लेकर तुलसी सिलावट तक कई भाजपा नेताओं और प्रत्याशियों ने कांग्रेस के लिए वोट मांग डाला। प्रदेश में कई नेताओं ने दल तो बदल लिया है, लेकिन जुबान है कि मानती नहीं। पुराने दिन याद आते ही फिसल जाती है। इस मामले में कांग्रेस से भाजपा में आए नेताओं की संख्या भाजपा से कांग्रेस में गए नेताओं से ज्यादा है।

    यशस्वी मुख्यमंत्री कमलनाथ
    जसवंत सिंह शिवपुरी के करैरा विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी हैं। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हम सब मिलकर क्षेत्र के विकास के लिए, प्रदेश के किसान के लिए और प्रदेश के नौजवानों के लिए और कीर्तिमान स्थापित करने के लिए मध्यप्रदेश के यशस्वी सम्माननीय मुख्यमंत्री कमलनाथ। सॉरी-सॉरी शिवराज सिंह के लिए वोट करना है।

    पंजे का बटन दबेगा
    डबरा में भाजपा प्रत्याशी इमरती देवी के समर्थन में आयोजित एक सभा में सिंधिया भाषण दे रहे थे। उन्होंने कहा कि अगर उन पर विश्वास है तो हाथ उठाकर विश्वास दिलाओ। हमारी डबरा की जानदार और शानदार जनता हमें विश्वास दिलाओ कि 3 तारीख को की इमरती देवी को जीत दिलाएंगे। उनके मुंह से निकल गया- ‘मु_ी बांधकर विश्वास दिलाओ कि 3 तारीख को हाथ के पंजे वाला बटन दबेगा।

    नाथ झूठ बोल रहे
    ऐसा ही कुछ मामला शिवपुरी जिले के पोहरी विधानसभा क्षेत्र में 6 अक्टूबर को सामने आया है, जहां कांग्रेस के उम्मीदवार हरिवल्लभ शुक्ला ने कर्जमाफी पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के लिए झूठ बोलने की बात कह डाली। पोहरी में कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी बनाए गए हरिवल्लभ शुक्ला कहते नजर आए कि किसानों की कर्ज माफी के मुद्दे पर ज्योतिरादित्य ने झूठ बोला और कमलनाथ ने झूठ बोला।

    केवल पंजा दिखना चाहिए
    खंडवा की मंधाता सीट से भाजपा प्रत्याशी नारायण पटेल ने हाथ का पंजा दिखाते हुए कहा- जैसे ही आप मतदान करने जाएं, तो उसमें सीधे पंजा ही दिखना चाहिए। कांग्रेस को ही वोट डालना है। इतना सुनना था कि सभा में ठहाके लगने लगे। नारायण को अपनी गलती का एहसास हो गया और उन्होंने बगल में बैठे भाजपा नेता से बात करते हुए कहा- अरे पंजा नहीं, फूल दिखना चाहिए।

    शिवराज को कलंक कहा
    तुलसी सिलावट की 10 जुलाई को तब जुबान फिसल गई, जब उनसे गैंगस्टर विकास दुबे के मामले में सवाल किया गया। तुलसी सिलावट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और शिवराज सिंह चौहान का कलंक बताया। जबकि तुलसी सिलावट खुद भाजपा के नेता हैं। उनका यह वीडियो बहुत वायरल हुआ था।

    मुंह में राम बगल में छुरी
    सागर जिले के सुरखी विधानसभा भाजपा के प्रत्याशी गोविंद सिंह राजपूत ने 14 सितंबर को कहा था कि भाजपा को नकली राम नाम, भगवा झंडे को धारण करना पड़ रहा है। लेकिन, जनता जानती है कि मुंह में राम बगल में छुरी, भाजपा का हमेशा यही काम रहा है।

    Share:

    कांग्रेस ने तैनात किए ढाई लाख से ज्यादा कार्यकर्ता

    Mon Nov 2 , 2020
    भोपाल। प्रचार का शोर समाप्त होने के बाद अब बूथ प्रबंधन सबसे जरुरी हो गया है। बूथ ही उम्मीदवार का भविष्य तय करेगा। प्रदेश का भविष्य तय करने वाली 28 विधानसभा सीटों के लिए अब कांग्रेस बूथ प्रबंधन कर रही है। कांग्रेस ने सभी मतदान केंद्रों में 30-30 कार्यकर्ताओं की टीम तैनात की है। यानी […]
    सम्बंधित ख़बरें
  • खरी-खरी
    सोमवार का राशिफल
    मनोरंजन
    अभी-अभी
    Archives
  • ©2024 Agnibaan , All Rights Reserved