इंदौर। शहर में गर्मी के तेवर लगातार तेज होते जा रहे हैं। कल साल में पहली बार दिन का पारा 38 डिग्री के आगे निकला और कल साल का सबसे गर्म दिन रहा। इसके साथ ही पिछले 10 में से 3 सालों का मार्च का अधिकतम तापमान का रिकार्ड भी टूट गया। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आज से तापमान में कमी आने की संभावना है, जो अगले कुछ दिन जारी रहेगी। यानी मार्च में अब तापमान और आगे नहीं बढ़ेगा।
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री और परसो की अपेक्षा 0.6 डिग्री ज्यादा था। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री और परसो रात की अपेक्षा 1.6 डिग्री ज्यादा था। इस दौरान हवाओं की दिशा पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी रही, हवाओं की अधिकतम रफ्तार 11 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची।
मौसम विभाग के अनुसार इससे पहले इस साल सबसे ज्यादा तापमान परसो ही 37.6 डिग्री के रुप में रिकार्ड किया गया था, उससे पहले 11 मार्च को तापमान 37.3 डिग्री तक पहुंचा था। इसके बाद मौसम बदलने पर तापमान 33 डिग्री तक भी पहुंचा था। वहीं पिछले चार दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी जारी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आज से तापमान में थोड़ी कमी आएगी और अगले कुछ दिनों तक तापमान 35 से 37 डिग्री के बीच रहेगा। 6 अप्रैल से तापमान 39 डिग्री के आगे जाने की संभावना है।
तीन सालों का रिकार्ड टूटा
कल दर्ज तापमान से मार्च का पिछले 10 में से 3 सालों का रिकार्ड टूट गया। 2015 में सबसे ज्यादा तापमान 27 मार्च को 37.5 डिग्री रहा था। वहीं 2020 में 25 मार्च को 36.4 डिग्री और 2023 में 30 मार्च को तापमान 36.3 डिग्री था। कल मार्च के ये तीनों ही रिकार्ड टूट गए। हालांकि पिछले 10 सालों में सर्वाधिक तापमान 2017 में 30 मार्च को 40.6 डिग्री के रुप में दर्ज हुआ था। वहीं इतिहास की बात करें तो 1892 में 28 मार्च को पारा 41.1 डिग्री पर पहुंचा था, जो मार्च का अब तक का दर्ज सबसे ज्यादा तापमान है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved