रांची। झारखंड के रांची जिले में स्थित एक आश्रम (Ranchi Anandsheel Ashram) में अज्ञात हमलावरों ने दो लोगों की गोली मारकर हत्या (Shot to Death) कर दी। पुलिस ने गुरूवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार यह घटना बुधवार रात में राजधानी रांची से करीब 45 किलोमीटर दूर चान्हो इलाके के चामा में हुई। पुलिस ने कहा इस मामले पुलिस ने तुरंत ऐक्शन लेते हुए 16 घंटे के अंदर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की अब तक की छानबीन के अनुसार, बुधवार रात करीब 12 बजे लूटपाट की नीयत से आधा दर्जन हथियारबंद अपराधी कार और बाइक से आनंदशील आश्रम में घुसे और अंधाधुंध गोलियां चलाईं। अपराधियों के इस हमले में साधु मुकेश साह की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं राजेंद्र यादव को जबड़ा समेत अन्य जगहों पर गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात की सूचना मिलने पर चान्हो पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राजेंद्र को अस्पताल ले गयी, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने रिम्स में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए।
20 साल बाद ब्राजील से लौटे थे मुकेश साह
साधु मुकेश साह मूल रूप से भागलपुर के खलीफाबाग आरपी रोड स्थित ठाकुरबाड़ी के रहने वाले थे। 1987 में ही उन्होंने घर छोड़ दिया था और आनंदमार्गी बन गए थे। 20 साल पहले आनंदमार्ग के प्रचार-प्रसार के लिए ब्राजील गए थे, जहां उन्होंने शादी कर ली। उनकी एक बेटी भी है। चार साल पहले मां की तबीयत खराब होने पर वहां से भागलपुर लौटे थे। उनके बड़े भाई दिलीप साह ने बताया कि मंगलवार को वीडियो कॉल पर मुकेश से बात हुई थी, जिसमें उन्होंने आनंदशील आश्रम में नया किचन बनवाने की बात कही थी। साथ ही निर्माणाधीन किचन भी दिखाया था। इसके बाद बुधवार को मुकेश ने अपने छोटे भाई कालीचरण से भी बात की थी और रांची आने को कहा था।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved