इंदौर। इंदौर से भुवनेश्वर और जगन्नाथपुरी जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। इंदौर से भुवनेश्वर के लिए इंडिगो एयरलाइंस 7 फरवरी से सीधी उड़ान शुरू करने जा रही है। कंपनी ने कल ही इस उड़ान की घोषणा करते हुए बुकिंग शुरू की है। इंडिगो एयरलाइंस की यह फ्लाइट सप्ताह में चार दिन सोम, बुध, शुक्र और रविवार को संचालित होगी। कंपनी ने दिसंबर में ही इस उड़ान को शुरू करने की तैयारी शुरू कर दी थी, तब अग्निबाण ने सबसे पहले इस खबर को प्रकाशित किया था। कल कंपनी द्वारा उड़ान शुरू करने की घोषणा के साथ ही इस खबर पर मुहर लग गई। ट्रेवल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के सचिव अमोल कटारिया ने बताया कि इस उड़ान के शुरू होने से इंदौर से ओडिशा का पहली बार सीधा हवाई संपर्क जुड़ जाएगा।
जगन्नाथपुरी जाने वालों को होगी सुविधा
हिंदुओं के प्रमुख तीर्थ और चार धामों में प्रमुख जगन्नाथपुरी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह फ्लाइट किसी तोहफे से कम नहीं है। जगन्नाथपुरी का सबसे नजदीकी एयरपोर्ट भुवनेश्वर ही है। यहां से पुरी का सडक़ मार्ग से रास्ता 60 किलोमीटर का है, जिसे पूरा करने में महज डेढ़ घंटे का समय लगता है। अब तक यात्री जगन्नाथपुरी जाने के लिए इंदौर से हैदराबाद या दिल्ली होकर भुवनेश्वर जाते थे। अब वे सीधे भुवनेश्वर जा सकेंगे, जिससे उनके पैसों और समय की बचत होगी। जगन्नाथपुरी में साल का सबसे बड़ा आयोजन रथयात्रा होती है, जो इस साल 27 जून को होगी। इसके लिए यात्री अभी से बुकिंग करवाना शुरू कर चुके हैं।
इंडिगो के स्टेट हेड विक्रांतसिंह ने बताया कि यह फ्लाइट भुवनेश्वर से सुबह 11.35 बजे रवाना होकर 1.30 बजे इंदौर पहुंचेगी। यहां से शाम 7.45 बजे रवाना होकर रात 9.35 बजे भुवनेश्वर पहुंचेगी। सिर्फ बुधवार को इंदौर से यह फ्लाइट दोपहर 2 बजे रवाना होकर 3.50 बजे भुवनेश्वर पहुंचेगी। इस फ्लाइट का संचालन 180 सीटर एयरबस विमान से किया जाएगा।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved