बड़ी खबर

Corona update: 24 घंटे में मिले कोरोना के 80472 नए मरीज, देश में अब तक 62.25 लाख केस

  • कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा एक लाख के करीब
  • अब तक 51 लाख 87 हजार लोग हुए ठीक

नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या 62 लाख 25 हजार 764 हो चुकी है। बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 80 हजार 472 नए मामले मिले। मंगलवार को 1179 लोगों की मौत हुई। इसके साथ ही मरने वालों की संख्या 97 हजार 497 हो चुकी है। बीते दिन 86,061 लोग रिकवर हुए हैं। अब तक 51 लाख 87 हजार 826 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं, जो कि दुनिया में सबसे ज्यादा है। फिलहाल देश में 9 लाख 40 हजार 441 एक्टिव केस हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण ने कहा कि आईसीएमआर की दूसरी सीरो सर्वे रिपोर्ट से पता चला है कि अभी भी काफी आबादी कोरोना की चपेट में है, इसलिए हमें पूरी सावधानी बरतनी चाहिए। 17 अगस्त से 22 सितंबर तक 29,082 लोगों का सर्वे किया गया। इनमें 6.6% के संक्रमित होने के सबूत मिले हैं। सर्वे के मुताबिक, अगस्त में 10 से ज्यादा उम्र वाला हर 15 में से एक व्यक्ति संक्रमण की चपेट में आया।

कोरोना से प्रभावित प्रमुख राज्यों का हाल
महाराष्ट्र में कोरोना को लेकर अच्छी खबर आ रही है। पिछले चार दिन की बात करें तो रविवार को छोड़कर बाकी दिन नए मरीजों की तुलना में ठीक हुए मरीजों की संख्या ज्यादा रही। मंगलवार को महाराष्ट्र में 14 हजार 976 मरीज बढ़े और 19 हजार 212 लोग स्वस्थ भी हो गए। मृत्यु दर 2.65% पर पहुंच गई। राज्य में फिलहाल 19 लाख 75 हजार 923 लोग होम क्वारैंटाइन में हैं।

दिल्ली में मंगलवार को कोरोना वायरस के 3227 नए मामले सामने आए, जबकि 48 लोगों की मौत हो गई। इसी के साथ कुल संक्रमितों की संख्या 2,76,325 हो गई है। मंगलवार को 2778 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है। राजधानी में अभी कुल 2,43,481 मरीज स्वस्थ हो चुके है। दिल्ली में अब तक कुल 5320 मरीजों की मौत हो चुकी है। अभी कुल 27524 सक्रिय मरीज हैं।

बिहार में कोरोना के मामले में गिरावट आ रही है। हालांकि, टेस्टिंग की संख्या एक लाख से ज्यादा है। मंगलवार को 1 लाख 44 हजार 535 लोगों के सैंपल की जांच की गई। इसके साथ राज्य में अब तक 71.34 लाख टेस्ट किए जा चुके हैं. पॉजिटिविटी रेट 2.6% हो गया है।

उत्तर प्रदेश में कोरोना के मरीज तेजी से ठीक हो रहे हैं। अब तक 3.36 लाख से ज्यादा संक्रमित ठीक हो चुके हैं। मंगलवार को 3981 मरीज मिले और 5711 ठीक हुए। इस समय 52 हजार 160 एक्टिव केस हैं. रिकवरी रेट 84.75% पर पहुंच गया है।

अब तक हुई कितनी टेस्टिंग?
इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) के मुताबिक, 29 सितंबर तक कोरोना वायरस के कुल 7 करोड़ 41 लाख सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 11 लाख सैंपल की टेस्टिंग कल की गई।

मृत्यु दर में गिरावट
राहत की बात है कि मृत्यु दर और एक्टिव केस रेट में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मृत्यु दर गिरकर 1.57% हो गई. इसके अलावा एक्टिव केस जिनका इलाज चल है उनकी दर भी घटकर 15% हो गई है। इसके साथ ही रिकवरी रेट यानी ठीक होने की दर 83% पर है। भारत में रिकवरी रेट लगातार बढ़ रहा है। कई राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में नए मामलों से ज्यादा रिकवरी हो रही है। हाल के दिनों में एक दिन में औसत 90,000 रिकवरी हुई है।

दुनिया में कोरोना के कितने केस?
दुनिया में अब तक 3 करोड़ 35 लाख 49 हजार 873 लोग संक्रमित हैं. 10 लाख 6 हजार 379 लोगों की मौत हो चुकी है। अच्छी बात ये कि अब तक 2 करोड़ 48 लाख 78 हजार 124 लोग ठीक हो चुके हैं। अमेरिका, भारत और ब्राजील कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों की लिस्ट में टॉप पर बने हुए हैं। इन तीनों देशों के बाद अब अर्जेंटीना में सबसे तेजी से कोरोना मामले बढ़ रहे हैं और मौत की संख्या भी बढ़ी है। हालांकि दुनिया में कोरोना संक्रमित देशों में लिस्ट में अर्जेंटीना आठवें नंबर पर है। मैक्सिको अब नौवें नंबर पर आ गया है।

वर्ल्डोमीटर के अनुसार, पिछले 24 घंटों में दुनिया में 2 लाख 83 हजार नए मामले सामने आए हैं, जबकि 2 लाख 56 हजार मरीज इस वायरस से उभरकर ठीक भी हुए हैं। हालांकि 5 हजार 749 लोगों की जान भी चली गई। पूरी दुनिया में 76 लाख से ज्यादा एक्टिव केस हैं यानी कि फिलहाल इतने लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Share:

Next Post

MP: 2 दिन की बच्ची के शरीर में स्क्रू ड्राइवर से 100 से ज्यादा छेद कर मंदिर के पास फेंक दिया

Wed Sep 30 , 2020
भोपाल। एमपी की राजधानी भोपाल में एक नवजात बच्ची के साथ क्रूरता का वीभत्स मामला सामने आया है। आरोपियों ने 2 दिन पहले पैदा हुई बच्ची के शरीर में स्क्रू ड्राइवर की मदद से 100 से ज्यादा वार किए गए। फिर उसे शॉल में लपेटकर मंदिर के किनारे फेंक दिया। राजधानी भोपाल में 15 दिनों […]