• img-fluid

    ठंड ने तोड़ा 2018 का रिकार्ड, ठिठुरा शहर

  • January 04, 2023

    पारा 7.3 डिग्री पर पहुंचा, मौसम की सबसे सर्द रात…

    –  दिन और रात का तापमान सामान्य से 4 और 2 डिग्री कम, आज हो सकता है कोल्ड डे

    –  ठंड से बचने के लिए अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा…

    इंदौर। नए साल के साथ ठंड रोज नए रिकार्ड बना रही है। कल रात ठंड ने 2018 का जनवरी का रिकार्ड तोड़ दिया। रात का न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री पर पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे कम होने के साथ ही जनवरी 2018 में दर्ज किए गए सबसे कम तापमान 8 डिग्री से भी नीचे है। संभावना जताई जा रही है कि आज कोल्ड डे (शीत दिन) घोषित हो सकता है।

    विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री कम था, वहीं रात का न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री और परसों रात की अपेक्षा 1.8 डिग्री कम रहा। यह इस साल मौसम का सबसे कम तापमान होने से बीती रात इस मौसम की अब तक की सबसे सर्द रात बन गई, वहीं सुबह से घना कोहरा भी छाया रहा। ठंड बढऩे से शाम से सडक़ों पर आवाजाही भी कम होने लगी है और ठंड से बचने के लिए लोग अलाव तापते नजर आ रहे हैं।

    आज घोषित हो सकता है कोल्ड डे

    मौसम विभाग द्वारा आज कोल्ड डे (शीतल दिन) भी घोषित किया जा सकता है। मौसम विभाग द्वारा तय मानक के हिसाब से दिन का अधिकतम तापमान अगर सामान्य से 4.5 डिग्री 6.4 डिग्री तक कम रहता है तो ऐसे दिन को कोल्ड डे घोषित किया जाता है। कल दिन का अधिकतम तापमान 4 डिग्री रहा था और ठंड और बढ़ जाने के कारण इसके 4.5 डिग्री से भी नीचे रहने की संभावना है।

    छह रातों में आधा हुआ रात का पारा

    पिछले छह दिनों से रात के तापमान में लगातार गिरावट आ रही है और छह रातों में तापमान लगभग आधा हो चुका है। 29 दिसंबर की रात जहां न्यूनतम तापमान 14 डिग्री रिकार्ड किया गया था, वहीं कर रात यह 7 डिग्री के करीब आ गया।

    2019 में 5.6 डिग्री पर पहुंचा था न्यूनतम तापमान – पिछले 10 सालों में रात के न्यूनतम तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट 2019 में दर्ज की गई थी, तब 29 जनवरी को तापमान 5.6 डिग्री तक पहुंच गया था। वहीं इतिहास की बात करें तो 88 साल पहले इंदौर में अब तक का सबसे कम तापमान रिकार्ड किया गया था। 16 जनवरी 1935 को इंदौर में तापमान गिरकर माइनस 1.1 डिग्री पर पहुंच  गया था।

    उत्तरी हवाओं ने गिराया पारा

    मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पिछले दो-तीन दिनों से इंदौर में उत्तरी और उत्तर-पूर्वी हवाएं 15 से 20 किलोमीटर की रफ्तार से आ रही हैं, वहीं पिछले दिनों उत्तर भारत से टकराए एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण वहां बर्फबारी हो रही है और उस ओर से ही तेज ठंडी हवाएं आने के कारण तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। कल भी शहर में उत्तरी और उत्तर-पूर्वी हवाओं की अधिकतम गति 16 किलोमीटर दर्ज की गई, जो सुबह तक बनी हुई हैं।

    10 के बाद और बढ़ेगी ठंड

    मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि अगले कुछ दिन तापमान ऐसा ही बना रहेगा। इसमें 1 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। 7 जनवरी को एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत से टकराएगा, जिसका असर 10 से इंदौर में भी नजर आएगा और एक बार फिर तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।

     यूं गिरता गया पारा

    तारीख            रात      दिन

    29 दिसंबर       14      27.3

    30 दिसंबर       11.9    27

    31 दिसंबर       11.4    24.2

    1 जनवरी        9.4     23

    2 जनवरी        9.1     22.4

    3 जनवरी        7.3     21.6

    एक नजर पिछले 10 सालों के  तापमान पर

    वर्ष    तापमान तारीख

    2013      5.8         21

    2014      6.7         11

    2015      6.9         6

    2016      7.3         23

    2017      6.3         13

    2018      8             3

    2019      5.6         29

    2020      7.1         10

    2021      7.2         29

    2022      6.4         28

    (जानकारी मौसम विभाग के मुताबिक)

    Share:

    एयर इंडिया की फ्लाइट में शराब के नशे में यात्री ने महिला पर किया पेशाब, अब मिलेगी यह सजा

    Wed Jan 4 , 2023
    नई दिल्ली। अमेरिका से दिल्ली आई एयर इंडिया की एक फ्लाइट में शर्मनाक वाकया हुआ। शराब के नशे में एक पुरुष यात्री ने महिला यात्रा पर यूरिन कर दिया। महिला ने चिट्ठी लिखकर सरकार को इसकी शिकायत की, जिसके बाद सभी पक्ष हरकत में आए हैं और यात्री की पहचान कर उसकी हवाई यात्रा पर […]
    सम्बंधित ख़बरें
  • खरी-खरी
    रविवार का राशिफल
    मनोरंजन
    अभी-अभी
    Archives
  • ©2024 Agnibaan , All Rights Reserved