छतरपुर । मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के छतरपुर जिले (Chhatarpur district) में उस समय सनसनी फैल गई जब एक मस्जिद (Mosque) में धमकी भरा पत्र (threatening letter) मिला। इसमें लिखा था कि मस्जिद के अंदर बम रखा है। इस बात को कोई हल्के में ना ले। पत्र में कई अन्य मस्जिदों में भी बम रखने की बात लिखी थी। पत्र छतरपुर जिले के राजनगर बायपास रोड स्थित कब्रिस्तान के पास सुलतानुल हिंद मस्जिद में मिला। इसे किसने और कब रखा पुलिस इसकी छानबीन कर रही है।
सूचना मिलने पर भारी पुलिस बल के अलावा पुलिस के कई अधिकारी डॉग स्कॉट और बम निरोधक दस्ते के साथ पहुंचे। काफी देर तक मस्जिद की छानबीन के बाद किसी भी तरह का कोई बम नहीं मिला। पुलिस का कहना है कि फिलहाल वहां पर कांस्टेबल तैनात कर दिए गए हैं। छानबीन की जा रही है। जल्द हम आरोपी को गिरफ्तार कर लेंगे।
मस्जिद के इमाम ने बताया कि दोपहर में जब नमाज के लिए मस्जिद के अंदर गए तो मुख्य जगह पर यह पर्चा रखा हुआ था। इसे पढ़ने के बाद मैंने अपने समाज के अन्य लोगों को सूचना दी। इसके बाद सभी लोग मिलकर सिविल लाइन थाने पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी। हम लोग दहशत में हैं। मस्जिद में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को मना कर दिया गया है।
फिलहाल मस्जिद बंद है। पुलिस ने कुछ वक्त तक मस्जिद के अंदर किसी के आने-जाने की मनाही कर रखी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हमें उम्मीद है कि जल्द पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर लेगी। यह घटना निंदनीय है। इससे शहर का माहौल खराब हो रहा है। हम निवेदन करते हैं कि मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved