नई दिल्ली । दिल्ली का ताज पहली बार विधायक बनी रेखा गुप्ता(Rekha Gupta) के सिर पर होगा। भाजपा आलाकमान(BJP high command) का यह फैसला महिला मतदाताओं पर बड़ा दांव(Big bet on women voters) है। दिल्ली में महिला सीएम बनाकर भाजपा ने दिल्ली के साथ-साथ पूरे देश में महिला मतदाताओं को साधने का प्रयास किया है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में महिलाओं ने इस बार मतदान में पुरुषों को पीछे छोड़ दिया था। 40 सीटों पर महिलाओं का मत प्रतिशत पुरुषों से ज्यादा रहा था। रेखा गुप्ता दिल्ली में चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी।
शालीमार बाग से विधायक बनीं रेखा गुप्ता को भाजपा विधायक दल की बैठक में नेता चुना गया। देश में वे इस समय भाजपा की एकमात्र महिला सीएम होंगी। रेखा गुप्ता के सहारे भाजपा पूरे देश में महिलाओं को संदेश देने का प्रयास करेगी। पीएम मोदी की रणनीति में महिला मतदाताओं का खास स्थान है। वे लगातार महिलाओं को ध्यान में रखकर योजनाओं की घोषणा करते हैं और महिला मतों का झुकाव भाजपा की तरफ रहता है। इस बार दिल्ली में सीएम पद महिला को देना भाजपा की बड़ी रणनीति का हिस्सा है।
एक तीर से कई निशाने
रेखा गुप्ता के चयन में एक तीर से कई निशाने लगाए गए हैं। वैश्य समुदाय से आने वाली रेखा गुप्ता भाजपा की एकमात्र महिला सीएम के साथ एक मात्र वैश्य समुदाय की सीएम भी होंगी। रेखा गुप्ता के सहारे भाजपा ने वैश्य समुदाय को साधने का भी प्रयास किया है। महिला सीएम होने के नाते वह महिला प्रतिनिधित्व का चेहरा बनेंगी। सूत्रों के मुताबिक आम आदमी पार्टी आतिशी को नेता विपक्ष बना सकती है। ऐसे में दोनों महिलाओं के बीच आमने-सामने की सियासत होगी।
चुनाव के दौरान महिलाएं सबके एजेंडे में रहीं
विधानसभा चुनाव के दौरान महिला मतदाता सभी दलों के एजेंडे में शामिल थी। भाजपा ने महिलाओं को 2500 रुपये प्रतिमाह की सम्मान निधि देने की घोषणा की थी। ‘आप’ और कांग्रेस ने भी महिलाओं को सम्मान राशि देने का वादा किया था। पीएम नरेंद्र मोदी ने अपनी रैलियों में कहा था कि महिलाएं उनका सुरक्षा कवच हैं। अब भाजपा ने सत्ता मिलने के बाद महिला सीएम बनाकर अपनी रणनीति साफ कर दी है। वह महिला मतदाताओं को साधने के रास्ते पर हैं।
भाजपा का प्रदर्शन शानदार रहा
विधानसभा चुनाव में ज्यादा महिला मतदान वाली सीटों पर भाजपा का प्रदर्शन शानदार रहा है। 40 विधानसभा सीटों पर पुरुषों के मुकाबले महिलाओं ने ज्यादा मतदान किया था। इनमें से 72.5 फीसदी सीटों पर भाजपा ने बाजी मारी है। महिलाओं के सबसे ज्यादा मतदान वाली 40 सीटों में से 29 पर भाजपा विजयी रही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में महिलाओं को सशक्त बनाने की बात भी कही थी। आम आदमी पार्टी ने इनमें से महज 11 सीटें जीती हैं। तीनों राजनीतिक दलों ने इस बार नौ-नौ महिला उम्मीदवार मैदान में उतारी थीं।
सरकार बनाने का दावा उपराज्यपाल के पास पेश
विधायक दल की नेता बनने के बाद देर रात रेखा गुप्ता राजनिवास पहुंचीं। उन्होंने उपराज्यपाल वीके सक्सेना को सरकार बनाने का दावा पेश किया। उपराज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने का न्यौता दिया। रेखा गुप्ता आज रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण करेंगी। प्रदेश कार्यालय पर विधायक दल की नेता चुने जाने के बाद रेखा गुप्ता राजनिवास पहुंची। उन्होंने औपचारिक तौर पर रात नौ बजे के बाद उपराज्यपाल को सरकार बनाने का दावा पेश किया।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved