• img-fluid

    27 सीट जीतने के लिए मैदान में उतरी भाजपा

  • September 07, 2020

    • कमलनाथ सरकार का भ्रष्टाचार होगा उजागर, मंत्री, विधायक एवं सांसदों को मिला टास्क

    भोपाल। प्रदेश में 27 सीटों पर होने वाले विधानसभा उपचुनाव को लेकर मंत्री, विधायक एवं सांसदों की बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेशाध्यक्षी वीडी शर्मा एवं संगठन महामंत्री सुहास भगत ने सभी सीटों पर जीत का टास्क दे दिया है। साथ ही जिन सीटों पर मंत्री, विधायक एवं सांसदों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, उन्हें वहां पहुंचने को कहा गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार है तो रुतबा है, सरकार नहीं रहेगी तो काए का रुतबा रहेगा। संगठन महामंत्री सुहास भगत ने चुनाव वाले विधानसभा क्षेत्रों में नहीं जाने पर मंत्री, विधायकों को फटकार लगाई। बैठक में कई मंत्री, विधायक एवं सांसद नहीं पहुंचे।
    मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा जनता को भड़काने का काम किया। इन उपचुनावों में भी वह झूठ और फरेब का सहारा ले रही है। 15 महीने तक सत्ता में रहने के बाद भी लगातार जनता से वादाखिलाफी करने वाली कमलनाथ सरकार की हकीकत हमें उजागर करना है। 5 माह के अल्प समय में हमने जो जनकल्याण के काम किए हैं, उसे जनता के सामने रखकर उन्हें भाजपा सरकार और कांग्रेस सरकार का फर्क बताना है। यह चुनाव प्रत्याशी को जिताने का नहीं बल्कि सरकार के भविष्य का चुनाव है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस चुनाव में हम जीत का संकल्प लें और हमारे जो साथी बाहर से आएं हैं, उनके साथ समन्वय करके सेक्टर और पोलिंग बूथ तक कार्यकर्ताओं से संवाद करें। केंद्र और राज्य सरकार ने जनता को जो सौगातें दी हैं, उन हितग्राहियों की संख्या बढ़ी है। प्रत्येक विधानसभा में हम उन हितग्राहियों से संपर्क करेंगे तो हमें लाभ होगा। उन्होंने कहा कि यह चुनाव में हमें संकल्प, समन्वय, संवाद और संपर्क के साथ जुटना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव को भटकाने की कोशिश करेंगे, लेकिन हमें विकास के मुद्दे पर यह चुनाव लडऩा है।

    बंगलों से बाहर नहीं निकले कांग्रेसी
    शिवराज ने कहा कि प्रदेश में बाढ़ के हालात के दौरान मैं और मेरे साथी विधायक लगातार जनता के बीच पहुंचे, लेकिन कांग्रेस के नेता अपने बंगलों से बाहर नहीं निकले, हमें यह फर्क जनता को बताना है। कांग्रेस की कमलनाथ सरकार पिछली बार भी बाढ़ पीडि़तों को राहत राशि तक नहीं दे पाई थी, लेकिन हमने विपरीत समय में न सिर्फ उनका साथ दिया, बल्कि बाढ़ से जो प्रभावित हुए हैं, उन्हें 100 प्रतिशत मुआवजा देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता इतने झूठेले हैं कि बेरोजगार संघ के नाम पर खुद अनुमति लेते हैं और युवाओं को भड़काने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि कमलनाथ एंड कंपनी ने सिवनी का मेडिकल कॉलेज निरस्त किया, लेकिन जनता से झूठ बोला। उन्होंने कर्जमाफी का वादा किया और किसानों को सिर्फ प्रमाण-पत्र पकड़ाए। उन्होंने पॉवर टिलर खरीदने में करोड़ों रूपए का भ्रष्टाचार किया। किसानों के नाम की सब्सीडी कंपनी के खाते में डाल दी। कमलनाथ सरकार में इतना भ्रष्टाचार था कि जितना खोदेंगे, उतना निकलेगा।

    हमारा एकमात्र लक्ष्य सभी 27 सीटें जीतना: सुहास भगत
    प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने चुनाव की तैयारियों पर चर्चा करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने सेक्टर और बूथवार जो कार्ययोजना तैयार की है, उसे नीचे तक उतारने में जुटें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं से लगातार संवाद करें और पार्टी ने जो कार्यक्रम तैयार किए हैं, उसका हर बूथ पर क्रियान्वयन हो। उन्होंने कहा कि पार्टी हर घर भाजपा का झंडा लगे, इसको लेकर एक व्यापक महाजनसंपर्क अभियान प्रारंभ करेगी। इस अभियान में हमारे नये कार्यकर्ताओं के घरों पर भी हमें पार्टी का झंडा लगाना है। उन्होंने कहा कि हमारा एकमात्र लक्ष्य 27 सीटें जीतना है।

    भाजपा बनाम कांग्रेस है यह चुनाव: वीडी
    भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि इस चुनाव में हमें विशेष तैयारी करने की जरूरत है। भारतीय जनता पार्टी का बूथ मजबूत हो इस दृष्टि से जो कार्ययोजना तैयार की है उसे नीचे स्तर तक क्रियान्वयन करने में जुटें। उन्होंने कहा कि हमारा विपक्षी दल झूठ बोलने और जनता में भ्रम फैलाने के लिए माहिर है। हमें जनता के बीच जाकर कांग्रेस द्वारा फैलाये जा रहे भ्रम को दूर करना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रहते कमलनाथ खाली खजाना होने की बात करते थे, लेकिन हमारी सरकार ने तीन महीने के भीतर ही करोड़ों रूपए किसानों, गरीबों, महिला स्व सहायता समूहों को दिए, 4600 करोड़ रूपए हम फिर से किसानों के खाते में डालने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह चुनाव भाजपा बनाम कांग्रेस और कमलनाथ-दिग्विजय बनाम शिवराज सिंह चौहान है। शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में 15 वर्षों तक भारतीय जनता पार्टी की सरकार रही। हमने मध्यप्रदेश को विकसित राज्य बनाया। 15 साल के विकास को 15 महीने की कमलनाथ सरकार ने पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। लेकिन हमने 5 माह में जो काम किया है, व अद्वितीय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जब बाढ़ आई तो हमारे मुख्यमंत्री और जनप्रतिनिधि पीडि़तों के बीच रहे, लेकिन कांग्रेस कहीं भी दिखाई नहीं दी। लॉकडाउन के दौरान दिन-रात भाजपा कार्यकर्ता सेवा में लगे रहे, यह बाते हमें जनता के बीच ले जानी हैं और उन्हें बताना है कि कमलनाथ सरकार ने भाजपा सरकार के समय की जनकल्याणकारी योजनाएं रोककर 15 महीने सिर्फ भ्रष्टाचार किया।

    Share:

    आत्मनिर्भर भारत का सपना सबसे पहले मध्यप्रदेश में हो रहा है साकार

    Mon Sep 7 , 2020
    पीएम मोदी 9 को करेंगे मप्र के हितग्राहियों से चर्चा भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कोरोना से ध्वस्त हुई अर्थव्यवस्था की चुनौती को अवसर में बदलकर आत्मनिर्भर भारत बनाने का सपना सबसे पहले मप्र साकार किया जा रहा है। कोरोना संकट के कारण शहरी क्षेत्रों में व्यापार-व्यवसाय करने वालों की सबसे […]
    सम्बंधित ख़बरें
  • खरी-खरी
    शुक्रवार का राशिफल
    मनोरंजन
    अभी-अभी
    Archives
  • ©2024 Agnibaan , All Rights Reserved