चंडीगढ़ । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी (Haryana Chief Minister Nayab Saini) ने कहा कि अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) राजघाट पर जाकर यमुना का पानी पीकर दिखाएं (Should go to Rajghat and drink Yamuna Water) ।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि मैं अरविंद केजरीवाल को चैलेंज करता हूं कि वे राजघाट के पास जाएं, जहां यमुना बह रही है, और वहां का पानी पीकर दिखाएं, नहा कर दिखाएं। सैनी ने यह बयान दिल्ली सरकार के उस दावे के जवाब में दिया है, जिसमें केजरीवाल सरकार हरियाणा पर दिल्ली को गंदा और जहरीला पानी भेजने का आरोप लगा रही थी। नायब सैनी ने अपनी बात को साबित करने के लिए खुद एक मिसाल पेश की। उन्होंने कहा कि मैं खुद उस जगह गया हूं जहां से हरियाणा का पानी दिल्ली में प्रवेश करता है और वहां का पानी पीकर आया हूं। हरियाणा साफ पानी दे रहा है, अगर केजरीवाल को यकीन नहीं तो वे भी ऐसा करके दिखाएं। दिल्ली सरकार लंबे समय से हरियाणा पर यह आरोप लगा रही है कि वह यमुना के जरिए गंदा पानी छोड़ रहा है, जिससे दिल्ली की जनता को दूषित पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है। इस पर हरियाणा सरकार का साफ कहना है कि राज्य अपनी सीमा से दिल्ली को बिल्कुल स्वच्छ और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराता है।
नायब सैनी ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि आप सरकार जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार अपनी नाकामी छिपाने के लिए हरियाणा पर बेबुनियाद आरोप लगा रही है। हकीकत यह है कि दिल्ली का ही सीवर यमुना में मिल रहा है, जिससे पानी गंदा हो रहा है। अगर केजरीवाल को इतना ही यकीन है कि हरियाणा गंदा पानी भेज रहा है, तो वे खुद जाकर यमुना का पानी पीकर दिखाएं।
हरियाणा सरकार के अनुसार, राज्य हर दिन करीब 1049 क्यूसेक पानी दिल्ली को सप्लाई करता है, जो मुनक नहर, सीएलसी (कैरेज लिंक चैनल) और डीएसबी (दिल्ली सब ब्रांच) के जरिए पहुंचता है। हरियाणा सरकार का कहना है कि यह पानी बिल्कुल साफ है और सभी निर्धारित मानकों पर खरा उतरता है। केजरीवाल की चुप्पी या नया जवाब?अब देखना यह है कि क्या अरविंद केजरीवाल इस चुनौती का जवाब देते हैं या नहीं। क्या वे राजघाट जाकर यमुना का पानी पीने के लिए तैयार होंगे, या फिर इस पर कोई नया बयान जारी करेंगे?
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved