इंदौर न्यूज़ (Indore News)

शहर में बारिश के बाद दिन का पारा गिरा, दिन और रात के तापमान में रह गया सिर्फ 4 डिग्री का अंतर

  • मौसम विभाग ने आज भी बारिश की चेतावनी के साथ जारी किया अलर्ट

इंदौर। शहर में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही हलकी बारिश के कारण तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। कल दिन का पारा सामान्य से 5 डिग्री नीचे पहुंच गया। इसके कारण दिन और रात के तापमान में महज 4.2 डिग्री का अंतर रह गया, यानी दिन के समय भी रात की तरह ठंडक का अहसास रहा। आज सुबह कई दिनों बाद धूप नजर आई, लेकिन बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने आज भी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी के साथ यलो अलर्ट जारी किया है।

विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल सुबह 8.30 बजे से आज सुबह 8.30 बजे के बीच शहर में 4.8 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। कल दिन का अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 5 डिग्री और परसों की अपेक्षा 2.2 डिग्री कम था। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री और परसों रात की अपेक्षा 0.8 डिग्री ज्यादा था। इस तरह दिन और रात के तापमान में सिर्फ 4.2 डिग्री का अंतर देखा गया। इस दौरान हवाओं की दिशा पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी रही। हवाओं की अधिकतम रफ्तार 33 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंची।


गुजरात और असम में बने सिस्टम से पूरे प्रदेश में बारिश के आसार
भोपाल मौसम केंद्र की वैज्ञानिक दिव्या सुरेंद्रन ने बताया कि इस समय एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन असम में बना हुआ है और एक ट्रफ लाइन पूर्वी मध्यप्रदेश से इसकी ओर जा रही है। वहीं गुजरात पर भी एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है। इन दोनों सर्कुलेशन के कारण लगभग पूरे प्रदेश में बारिश हो रही है। यह स्थिति अगले कुछ दिनों तक ऐसी ही बनी रहने की संभावना है।

Share:

Next Post

अडाणी को 13 लाख करोड़ का नुकसान पहुंचाने वाले हिंडनबर्ग ने खुद कितना कमाया

Wed Jul 3 , 2024
नई दिल्‍ली: पिछले साल जनवरी में अमेरिकी रिसर्च फर्म हिंडनबर्ग ने अडाणी समूह पर जो आरोप लगाए थे उसके नुकसान के बारे में तो आप जानते ही होंगे. इस रिपोर्ट के बाद अडाणी समूह के शेयरों में बड़ी गिरावट आई थी और समूह को 153 अरब डॉलर (करीब 13 लाख करोड़ रुपये) का नुकसान हुआ […]