इंदौर। एक युवक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। यह बात सामने आ रही है कि एक युवती से विवाद के बाद वह तनाव में था। एमआईजी थाना क्षेत्र के संजय नगर में रहने वाले 20 साल के रुद्र पिता जीवाजी को जहर खाने के चलते एमवाय अस्पताल लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। परिजन ने बताया कि वह कनकेश्वरी कॉलेज में पढ़ाई करता था। कल शाम को उसके पिता के पास उसके दोस्त का फोन आया। इसमें बताया गया कि रुद्र ने जहर खा लिया।
बताया जा रहा है कि वह किसी युवती से बात करता था। तीन दिन पहले युवती से उसका विवाद भी हुआ था। यह बात रुद्र ने घर वालों को बताई थी। फिलहाल पुलिस रुद्र के मोबाइल की जांच करेगी और आगे की कार्रवाई करेगी। रुद्र के पिता जीवाजी नगर निगम में कार्यरत हैं। इससे पहले परदेशीपुरा में रहने वाले मोहित नामक युवक ने भी प्रेमिका के चक्कर में आत्महत्या कर ली थी।
पत्नी से विवाद… लगाई फांसी
एक शख्स ने पत्नी से विवाद के बाद फांसी लगा ली। हालांकि वह पत्नी के प्रयास से बच गया। साड़ी को लेकर दोनों में विवाद हुआ था। संयोगितागंज थाना क्षेत्र के शुक्ला नगर के रहने वाले 24 साल के युवक ने कल फांसी लगा ली। उसे फंदे से उतारकर एमवाय अस्पताल लाया गया, जहां उसकी जान बच गई। बताया जा रहा है कि पत्नी से विवाद के बाद वह कमरे में गया और कमरा बंद कर फांसी पर लटक गया। पत्नी भी उसके पीछे-पीछे पहुंची तो वह कमरा नहीं खोल रहा था। इस पर एक बच्ची को खिडक़ी से कूदाकर अंदर पहुंचाया और दरवाजा खुलवाया गया। पत्नी ने फंदे पर लटके युवक के पैर पकड़ लिए और अन्य लोगों की मदद से फंदे से उतारा। बताया जा रहा है कि गणगौर पर्व पर दोनों कहीं जाने वाले थे। पत्नी ने अच्छी साड़ी नहीं पहनी तो दोनों के बीच विवाद हुआ था।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved