• img-fluid

    महाकाल की दूसरी सवारी में आज पुलिस का बैंड रहेगा आकर्षण का केन्द्र..बाहर के लोग बड़ी संख्या में आए

  • July 29, 2024

    • रजत पालकी में चंद्रमौलेश्वर और हाथी पर विराजेंगे मन महेश

    उज्जैन। भगवान महाकालेश्वर की दूसरी सवारी आज शाम 4 बजे से शुरू होगी। जिसमें भगवान महाकाल हाथी पर मनमहेश तो रजत पालकी में चंद्रमौलेश्वर स्वरूप में दर्शन देने निकलेंगे। सवारी को भव्य रूप देने के लिए आज पुलिस बैंड भी शामिल रहेगा और दो जनजातीय दल पालकी के आगे परंपरागत लोक नृत्य कर श्रद्धालुओं का मन मोहेंगे। पालकी की सुरक्षा के लिए इस बार अतिरिक्त पुलिस जवान लगाए जाएंगे।



    भगवान महाकालेश्वर की श्रावण-भादौ मास में निकलने वाली सवारी के क्रम में आज दूसरे सोमवार को भगवान महाकालेश्वर चंद्रमौलेश्वर के रूप में चांदी की पालकी में तथा हाथी पर मनमहेश स्वरूप में विराजित होकर अपनी प्रजा का हाल जानने नगर भ्रमण पर निकलेंगे। महाकालेश्वर मंदिर प्रशासक मृणाल मीना ने बताया कि सवारी के पूर्व आज शाम 4 बजे महाकालेश्वर मंदिर के सभामंडप में भगवान चन्द्रमौलेश्वर का विधिवत पूजन-अर्चन होगा। उसके बाद भगवान चन्द्रमोलेश्वर रजत पालकी में विराजित होकर भक्तों को दर्शन देने निकलेंगे। मंदिर के मुख्य द्वार पर सशस्त्र पुलिस बल के जवानों द्वारा पालकी में विराजित भगवान को सलामी दी जाएगी। उसके बाद सवारी परंपरागत मार्ग महाकाल चौराहा, गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार और कहारवाड़ी से होती हुई रामघाट पहुंचेगी। जहां पवित्र क्षिप्रा नदी के जल से भगवान का अभिषेक और पूजन-अर्चन किया जाएगा। इसके बाद सवारी रामानुजकोट, मोढ की धर्मशाला, कार्तिक चौक खाती का मंदिर, सत्यीनारायण मंदिर, ढाबा रोड, टंकी चौराहा, छत्री चौक, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार और गुदरी से होकर महाकालेश्वर मंदिर पहुंचेगी।

    पालकी के आगे होगा भड़म और करमा नृत्य…
    आज शाम महाकालेश्वर भगवान की दूसरी सवारी में जनजातीय कलाकारों के दल भी शामिल होंगे। इसमें भारिया जनजातीय भड़म नृत्य छिंदवाड़ा के मौजीलाल पचलिया एवं बैगा जनजातीय करमा नृत्य, डिंडोरी के धनीराम बगदरिया के निर्देशन में अपनी प्रस्तुति देते हुए पालकी के आगे चलेंगे। भड़म यह नृत्य भारिया जनजाति का प्रमुख नृत्य है। इसे कार्तिक पूर्णिमा से माह जून तक शादी और भीम देवता की पूजा में किया जाता है।

    350 जवानों का पुलिस बैंड रहेगा आकर्षण का केंद्र
    आज शाम सवारी में पुलिस ब्रास बैंड के 350 नव प्रशिक्षित जवान अनुशासन के साथ मधुर धुने बजाते चलेंगे और सवारी को अधिक भव्यता प्रदान करेंगे। इस दल में शामिल होने वाले मध्यप्रदेश की सभी पुलिस इकाइयों में पुलिस के जवानों को 6 माह का प्रशिक्षण दिया गया है। इसके साथ ही पुलिस बैंड द्वारा क्षिप्रा तट पर पूजन के समय दत्त अखाड़ा घाट पर भी विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर प्रदेश की पुलिस इकाइयों में पुलिस जवानों को बैंड वादन सहित वाद्ययंत्रों का 6 माह प्रशिक्षण दिया गया है।

    भीड़ प्रबंधन के लिए तैनात रहेंगे 580 पुलिस मित्र
    सीएसपी ओ पी मिश्रा ने बताया कि आज सवारी में भीड़ प्रबंधन को लेकर पूरी प्लानिंग की गई है। इसमें पुलिस का साथ देने के लिए करीब 580 पुलिस मित्रों को सवारी व्यवस्था में शामिल किया जा रहा है। वर्तमान में शहर के सभी थानों में करीब 300 पुलिस सुरक्षा मित्र हैं, वहीं देहात में इनकी संख्या 200 हैं। वहीं यातायात पुलिस के पास 80 सुरक्षा मित्र हैं। यह शाही सवारी तक हर सोमवार को भीड़ प्रबंधन में पुलिस का साथ देंगे। उल्लेखनीय है कि इस बार श्रावण भादौ मास 50 दिनों का है और 7 सवारी निकलेगी। इसी को लेकर सभी पुलिस मित्रों को प्रशिक्षण दिया गया है। इसमें बताया गया कि कहां स्थायी डॅयूटी रहेगी, भीड़ का दबाव किस पाइंट पर रहेगा और कैसे पुलिस के साथ समन्वय बनाकर काम किया जाना है। खास बात यह हैं कि शाही सवारी के दिन शहर की डिफेंस एकेडमियो में पढऩे वाले विद्यार्थियों और जिम में कसरत करने वाले युवाओं को भी सवारी में भीड़ प्रबंधन और पुलिस की मदद के लिए बुलाया जाएगा।

    500 अतिरिक्त जवान, 4 एलईडी स्क्रीन के साथ होगी सुरक्षा
    इस बार सवारी में भीड़ नियंत्रण और पालकी के आसपास धक्का मुक्की रोकनें के लिए कलेक्टर नीरज कुमार सिंह और एसपी प्रदीप कुमार शर्मा के निर्देश पर सवारी में 500 अतिरिक्त जवान लगाए जाएंगे। इसके अलावा महाकाल मंदिर प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं को सहज दर्शन के लिए पहली सवारी के दौरान ट्रक पर दो एलईडी लगाई गई थी। दूसरी सवारी में परिवर्तन करते हुए अब ट्रक पर चार एलईडी लगाई है। जिसमें दांय-बांय साईट 8 बाय 14 की दो, पीछे की ओर 6 बाय 8 और आगे की ओर 6 बाय 4 इंच की एलईडी रहेगी, जिसके माध्यम से श्रद्धालुओं को चारों दिशाओं से लाईव दर्शन हो सकेंगे। वहीं भगवान के मुखौटे के दर्शन के साथ ही सवारी के पहले छोर से अंतिम छोर तक का प्रसारण भी होगा। इसके अलावा यूट्यूब लिंक के माध्यम से लाईव दर्शन की व्यवस्था भी रहेगी।

    Share:

    महाकाल की सवारी के दौरान होगा ये बड़ा बदलाव, इस बार घाट पर नहीं होगी पूजा

    Mon Jul 29 , 2024
    उज्जैन: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के उज्जैन (Ujjain) में बाबा महाकाल (Baba Mahakal) की दूसरी सवारी आज नगर में धूमधाम से निकाली जाएगी. सवारी के नगर भ्रमण के पहले सभा मंडप में बाबा महाकाल का पूजन अर्चन (Worship Prayer) किया जाएगा और मंत्री प्रहलाद पटेल इस पूजन में शामिल होंगे. इसके बाद लाखों श्रद्धालु पालकी […]
    सम्बंधित ख़बरें
  • खरी-खरी
    गुरुवार का राशिफल
    मनोरंजन
    अभी-अभी
    Archives
  • ©2024 Agnibaan , All Rights Reserved