• img-fluid

    कांग्रेस ने किसानों को छला, बहनों को धोखा दिया

  • June 24, 2023

    • बालाघाट में मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी नेताओं के साथ गौरव यात्रा को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, कहा

    भोपाल। कांग्रेस की सरकार के समय प्रदेश की क्या हालत थी, सभी ने देखी है। सड़कें खराब थी, बिजली नहीं थी, किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिलता था। 15 महीने वाली कांग्रेस की सरकार ने कर्जमाफी का झूठा वादा करके किसानों को कर्जदार बना दिया। बहनों को छला। जनहित की सारी योजनाएं बंद कर दीं। कांग्रेस देश-प्रदेश का विकास नहीं कर सकती, ये काम सिर्फ भाजपा कर सकती है। अगर आप को भारतीय जनता पार्टी पर विश्वास है, प्रधानमंत्री मोदी जी पर विश्वास है, शिवराज मामा पर विश्वास है तो आने वाले चुनावों में भाजपा को जिताने का संकल्प लें। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को बालाघाट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने अगले वर्ष से समर्थन मूल्य पर गर्मी की धान की खरीदी करने, स्कूलों के टॉपर छात्रों को भी स्कूटी देने तथा सितम्बर माह में बालाघाट में मेडिकल कॉलेज का भूमिपूजन किए जाने तथा 1 लाख के बाद 50 हजार और सरकारी भर्तिया किये जाने की घोषणाएं भी की। सभा को प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा एवं प्रदेश सह प्रभारी पंकजा मुंडे ने भी संबोधित किया। सभा के पश्चात मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी नेताओं के साथ शौर्य और स्वाभिमान की प्रतीक वीरांगना रानी दुर्गावती जी की वीरगाथा और जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को जन जन तक पहुंचाने गौरव यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

    रबी की धान भी समर्थन मूल्य पर खरीदेगी प्रदेश सरकार
    इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने किसान हित में एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि अभी तक गर्मी के मौसम की धान यानी रबी की धान समर्थन मूल्य पर नहीं खरीदी जाती थी लेकिन अगले साल से प्रदेश सरकार इस धान को भी खरीदेगी। प्रदेश में अभी तक रबी यानी गर्मी के मौसम की धान समर्थन मूल्य पर नहीं खरीदी जाती थी। यह धान महाकोशल अंचल में बड़ी मात्रा में पैदा होती है। वहीं महाकोशल से लगे छत्तीसगढ़ की सरकार रबी की धान भी समर्थन मूल्य पर खरीदती है। ऐसे में महाकोशल के किसानों को अपनी धान औने-पौने दामों पर व्यापारियों को बेचना पड़ता है। इससे किसान तो परेशान होते ही हैं, मजबूरन उन्हें कम दाम लेने के लिए बाध्य होना पड़ता है। इस धान को भी समर्थन पर खरीदने की लंबे समय से मांग चल रही थी। सरकार की घोषणा का इस जनजातीय बहुल बेल्ट पर असर पडऩे की संभावना है।


    नए भारत का हो रहा है निर्माण
    सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में एक नये भारत का उदय हो रहा है। वैभवशाली, गौरवशाली, संपन्न, समृद्ध और शक्तिशाली भारत का उदय हो रहा है। कांग्रेस के जमाने में छोटे-छोटे देश हमें आंखें दिखाते थे। लेकिन अब अगर चीन भी हमें आंखें दिखाने की कोशिश करता है, तो हमारे सैनिक चीनियों की गर्दन तोड़कर चीन में फेंक देते हैं। उन्होंने कहा कि अगर प्रधानमंत्री मोदी जी नहीं होते, तो क्या कोविड की वेक्सीन इतने जल्दी बन पाती? बीसियों साल लग जाते। मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने न सिर्फ वेक्सीन बनाई, बल्कि दुनिया के अन्य देशों को भी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी अभी अमेरिका में हैं और कल सारी दुनिया में योग की धूम रही। कांग्रेसियों को छोड़कर अन्य सभी ने योग किया। पता नहीं कांग्रेस को योग से क्या दिक्कत है? मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में देश का जो कायाकल्प हो रहा है, वह विरोधियों को रास नहीं आ रहा। इसलिए वे उनकी आलोचना करते हैं, गालियां देते हैं। लेकिन प्रदेश की जनता मोदी जी और भारतीय जनता पार्टी के साथ खड़ी है।

    भाजपा ही कर सकती है कल्याण और विकास
    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जबसे भाजपा की सरकार आई है, विकास की झड़ी लगी है। किसानों को इतना पानी मिल रहा है कि गर्मी में भी धान की खेती कर रहे हैं। क्या कांग्रेस के समय में संभव था? कांग्रेस किसानों को 18 प्रतिशत ब्याज पर लोन देती थी, हम 0 प्रतिशत पर दे रहे हैं। कांग्रेस के कर्जमाफी के झूठे वादे से किसान डिफाल्टर हो गए। हमारी सरकार ने किसानों के सिर से ब्याज की गठरी उतारने का वचन दिया। प्रधानमंत्री मोदी जी किसानों को 6 हजार रुपये सम्मान निधि देते हैं, हमने भी पहले 4 हजार रुपये दिए और अब हम भी 6 हजार देंगे, यानी हर किसान को साल भर में 12 हजार रुपये मिलेंगे। हमने बालाघाट जिले की 3.25 लाख बहनों के खातों में 1000 रुपये डाले हैं। कांग्रेस ने तो बैगा, भारिया, सहरिया बहनों को मिलने वाली राशि भी बंद कर दी थी। बच्चों के लेपटॉप छीन लिए थे, संबल योजना बंद कर दी थी, कन्यादान योजना की राशि नहीं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के लिए हमारी सरकार के खजाने में पैसे की कमी नहीं है। हम लाडली बहनों को मिलने वाली राशि भी 3000 रुपये तक बढ़ाएंगे।

    Share:

    मणिपुर की स्थिति पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई सर्वदलीय बैठक

    Sat Jun 24 , 2023
    नई दिल्ली । केंद्रीय गृहमंत्री (Union Home Minister) अमित शाह (Amit Shah) की अध्यक्षता में (Under the Chairmanship) मणिपुर की स्थिति पर (On the Situation of Manipur) चर्चा के लिए (To Discuss) सर्वदलीय बैठक हुई (All Party Meeting Held) । असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की बुधवार शाम नई दिल्ली में शाह से मुलाकात […]
    सम्बंधित ख़बरें
  • खरी-खरी
    रविवार का राशिफल
    मनोरंजन
    अभी-अभी
    Archives
  • ©2024 Agnibaan , All Rights Reserved